-हाईकोर्ट और सिविल सेवा अधिकरण से मिला था स्टे
श्रीगंगानगर। जिला चिकित्सालय में कार्यरत 6 सीनियर नर्सिंग आॅफीसर को माननीय उच्च न्यायालय के स्थगन आदेशों के बावजूद 6 माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया। इतना ही नहीं इन नर्सिग अॉफिसर का चिकित्सा विभाग द्वारा ना तो वेतन का भुगतान किया जा रहा और ना ही इनका अन्य पदों पर समायोजन किया जा रहा है। इस कारण इन्हे परिवार का भरणपोषण करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन जिला श्रीगंगानगर द्वारा अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर)से मुलाकात कर मुख्य सचिव के नाम को ज्ञापन दिया गया। रामजीलाल सिहाग ने बताया कि जिला चिकित्सालय श्रीगंगानगर में कार्यरत 6 सीनियर नर्सिंग आॅफीसर को अधिशेष घोषित कर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री गंगानगर के अधीन उपस्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे । उक्त आदेशों पर इन नर्सिंग आॅफीसर ने माननीय उच्च न्यायालय और राजस्थान सिविल सेवा अपील अधिकरण से स्थगन आदेश प्राप्त कर जिला चिकित्सालय में कार्य ग्रहण कर लिया। तथा पिछले 6 महीने से लगातार अपनी सेवाएं जिला चिकित्सालय में दे रहे हैं । इस प्रकरण को लेकर मुख्य सचिव महोदय राजस्थान सरकार के नाम संगठन के प्रतिनिधि मंडल द्वारा अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर के माध्यम से ज्ञापन भिजवाया गया है। इस दौरान राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्यामसुंदर गोस्वामी ,संभागीय उपाध्यक्ष राम कुमार सिहाग, एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रविंद्र शर्मा, धर्मवीर मीणा ,इंदिरा कासनिया ,राजेंद्र सिंह, ललित भाटिया, अजीत शर्मा, कैलाश बिश्नोई, कुलविंदर सिंह, मैनपाल वर्मा, देवेंद्र छाबड़ा, राजेंद्र अरोड़ा सहित नर्सेज एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।