बीकानेर
बीती रात बीकानेर में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। इसके साथ ही सर्दी से राहत की उम्मीद की जा रही थी लेकिन घने कोहरे ने शहर को ठंड से जरा भी राहत नहीं दी। ठंडी हवा और कोहरा होने के कारण शहरवासी दस बजे तक रजाईयों में ही दुबके रहे। उधर, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई जिलों में शुक्रवार व शनिवार को बारिश होने के आसार हैं।
सुबह छह बजे से कोहरे का असर रहा। विजिबिलिटी हालांकि ज्यादा कम नहीं थी, लेकिन सौ-डेढ़ सौ फीट बाद कुछ नजर नहीं आ रहा था। ऐसे में सड़कों पर गाड़ियां तो चलीं लेकिन वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।
कल और परसों बारिश संभव
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 21 व 22 जनवरी को बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व चूरू में बारिश हो सकती है। बीकानेर जिले में भी बारिश की संभावना है। वहीं जोधपुर संभाग में भी बारिश के आसार हैं। पूर्वी राजस्थान में भी कहीं कहीं बारिश हो सकती है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के फिर से सक्रिय होने के कारण बारिश की संभावना है। गुरुवार को मौसम बदलने की वजह भी यही है।
सावधानी बरतनी होगी
मौसम विभाग ने नई दिल्ली से जारी एक नोट के आधार पर किसानों को निर्देश दिये हैं। बारिश होने की दशा में फसल को नुकसान हो सकता है। किसानों को फल व पौधौं की कवरिंग करने और खुले में रखी उपज को सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं।