Saturday, May 16निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद वायुसेना का अब तक का सबसे बड़ा शक्ति प्रदर्शन रद्द किया गया

प्रधानमंत्री सहित अनेक हस्तियां इस शक्ति प्रदर्शन को कल देखने आने वाली थी
श्रीगंगानगर।
पोकरण फायरिंग रेंज में 7 मार्च से आयोजित होने वाले वायुसेना के अब तक के सबसे बड़े फायर पॉवर डेमोन्स्ट्रेशन ैवायु शक्ति 2022′ को फुल ड्रेस रिहर्सल करने के बाद वर्तमान परिस्थितियों के कारण रद्व कर दिया गया है। इस कार्यक्रम में 7 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह सहित कई जानी मानी हस्तियां आने वाली थी तथा कई फ्रेण्डली देशों के डेलीगेट्स आने वाले थे। सूत्रों के अनुसार रूस यूक्रेन युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इस आयोजन को रद्द कर दिया गया। इस आयोजन की तैयारियां पूर्ण हो चुकी थी। वायु सेना द्वारा इसकी बड़े स्तर पर फुल ड्रेस रिहर्सल भी की जा रही थी। इस बार का यह वायु शक्ति युद्धाभ्यास आजादी के 75 साल पूरे होने पर अमृत महोत्सव के तहत आयोजित किया जाना था।
पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज शुक्रवार को फुल ड्रेस रिहर्सल में वायुसेना की ताकत व प्रहार ताकत से थरा उठी। चीन व पाकिस्तान को आंख दिखाते हुए दुनिया के कई मित्र देशो के डेलीगेट्स के सामने विश्व में सर्वश्रेष्ठ वायुसेनाओं में से एक भारतीय वायुसेना ने राजस्थान के जैसलमेर जिले की पोकरण फील्ड फायरिंग रेन्ज के चांधन क्षेत्र में वायु शक्ति के के फुल ड्रेस रिहर्सल कार्यक्रम में फायर पावर में अपनी मारक क्षमता का जोरदार प्रदर्शन करते हुए पूरी रेन्ज को भयंकर बम धमाकों से गूंजायमान कर दिया। फुल ड्रेस रिहर्सल की शुरुआत हाल ही में वायुसेना में शामिल राफेल लड़ाकू विमान की सुपरसोनिक बूम से हुई,जिसे पूरी रेंज थरा उठी।समापन भी राफेल की रोमांचकारी ऐरोबेटिक प्रदर्शन से हुआ। इस प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों को रोमान्चित कर दिया। फायर पॉवर में राफेल, सुखोई, तेजस, जगुआर सहित करीब 148 लड़ाकू विमानों, ट्रांसपोर्ट विमानों, लड़ाकू हेलिकोप्टरों, आदि ने हिस्सा लिया। रिहर्सल में मुख्य अतिथि भारतीय वायुसेना के उपवायुसेना प्रमुख एयर मार्शल संदीप सिंह उपस्थित रहे। दक्षिणी पश्चिमी वायुकमान के कमाण्डिंग इन चीफ एयरमार्शल विक्रमसिंह, डिवीजनल कमीश्नर डॉक्टर राजेश शर्मा, जिला कलेक्टर प्रतिभासिंह सहित अन्य कई विशिष्ट व्यक्ति मौजूद रहे। आजादी के 75 साल पूरे होने पर वर्तमान में मनाये जा रहे अमृत महोत्सव के तहत कार्यक्रम की शुरुआत में वायुसेना के 17 जगुआर लड़ाकू विमानों ने 75 के अंकों की आकृति बनाते हुए फ्लाई पास्ट कर रेंज स्टेडियम में मौजूद सैकड़ो डिफेंस पर्सनल व अन्य गणमान्य व्यक्तियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद हाल ही में वायुसेना में शामिल लड़ाकू विमान राफेल ने सुपरसोनिक बूम का फ्लाई रन करते हुए पूरी रेंज को जोरदार थर्रा दिया। रिहर्सल में वायुसेना के जांबाजों ने अपनी उड़ान क्षमताओं एवं घातक मारक क्षमता के प्रदर्शन की। वायुसेना के जांबाजों ने भिन्न भिन्न छद्म लक्ष्यों तथा दुश्मन के नकली रेडार, सेना टुकड़ी, हथियारों का जखीरा, विमानों के रखने के बंकर, एमन्यूशन डंप, हवाई पट्टी, कंबाई, नकली पेट्रोल पंप के टार्गेटो पर रॉकेट्स, लेजर नियंत्रित बम, मिसाईल एवं फ्रंटगन से अचूक निशानों से ध्वस्त कर रेन्ज में रोमांच पैदा कर दिया। दुश्मन के 18 ठिकानों को नेस्ताबूद किया।भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों- जिसमें प्रमुख रुप से राफेल, सुखोई, मिग-21 बाईसन, मिग-29, तेजस, जगुआर, मिराज, हॉग व लड़ाकू हेलिकोप्टरों में एम.आई-35, एम.आई-17, अपाचे, एल.सी.एच, चिनूक, एल.सी.ए आदि से रॉकेट व बम, लेजर गाईडेड बम छोड़कर अपनी अचूक मारक क्षमता का जोरदार प्रदर्शन किया। स्वदेशी तकनीक से बनी आकाश मिसाईल व स्पाईडर मिसाइल ने भी सरफेस टू एयर के लक्ष्य को सफलतापूर्वक नष्ट किया। ए.एन-32, एम्बेयर, आई एल-76, आई एल-78 तथा सी-130 जे ने अपनी सर्वोच्च क्षमता का प्रदर्शन करते हुए अभ्यास में भाग लिया। रेंज में बनी टेम्पररी हवाई पट्टी पर सी.130 हरक्यूलिस विमान ने लेंडिंग कर युद्ध मैदान में कमाण्डों को ड्राप करने का प्रदर्शन किया।इसी क्रम में जैगुआर वायुयान के ग्रेंड स्टेंड की तस्वीरे लेते हुए अत्यंत निचले स्तर पर उड़ान भरी। बाद में यह तस्वीर मुख्य अतिथि को भेंट की गई।