Wednesday, June 10निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए लॉबिंग तेज, नसीम, मंजू , ज्योति और रुक्क्षमणि का नाम चर्चा में

श्रीगंगानगर। एक माह से रिक्त चल रहे प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल महिला नेताओं ने जयपुर से लेकर दिल्ली तक लॉबिंग तेज कर दी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कैम्प से जुड़ी महिला नेताओं के साथ साथ सचिन पायलट कैम्प से जुड़ी महिला नेताओं ने भी अध्यक्ष बनने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। शीघ्र ही प्रदेश महिला कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिल सकता है। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रेहाना रियाज ने राज्य महिला आयोग का चेयरमैन बनाए जाने के बाद रेहाना रियाज ने विगत 10 फरवरी को इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद से अध्यक्ष का पद रिक्त चल रहा है।विश्वस्त सूत्रों की माने तो राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस पद के लिए 4 प्रमुख चेहरे दौड़ में शामिल हैं, जो लगातार जयपुर से लेकर दिल्ली तक लॉबिंग करने में जुटे हुए हैं। इनमें प्रमुख रूप से पूर्व मंत्री और जायल से विधायक मंजू मेघवाल, पूर्व मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ,ज्योति खंडेलवाल और प्रोफेशनल कांग्रेस की अध्यक्ष रुक्क्षमणि कुमारी का नाम चर्चा में है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस आलाकमान भी इन से किसी एक नाम पर अपनी मुहर लगा सकती है। महिला कांग्रेस की जयपुर देहात अध्यक्ष कविता गुर्जर और युवा कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष संजीता सिहाग भी महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं।राजस्थान महिला कांग्रेस अध्यक्ष का पद इसलिए भी अहम है। चूंकि महिला कांग्रेस को कांग्रेस संगठन की हरावल बिग्रेड माना जाता है। प्रदेश में साल 2023 में विधानसभा के चुनाव होने हैं, जिसके मद्देनजर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारी सत्ता और संगठन की ओर से दी जाएगी। ऐसे में महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद रिक्त रहने से सरकार का मिशन प्रभावित हो सकता है। इसलिए सत्ता और संगठन की भी शीघ्र यही कोशिश है कि महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद पर नियुक्ति कर महिला कांग्रेस को एक्टिव मोड पर लाया जाए, जिससे सरकार की फ्लैगशिप योजना और बजट में महिलाओं के लिए की गई घोषणाएं महिला मतदाताओं तक पहुंच सके। पार्टी विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं को साधने में कामयाब हो जाए।