Thursday, June 25निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

फोटोज में देखें पूरी टीम:टी-20 वर्ल्ड कप में इन 15 खिलाड़ियों पर रहेगा ट्रॉफी जीतने का दारोमदार, क्या खत्म होगा खिताब का सूखा

टी-20 वर्ल्ड कप के लिए विराट कोहली की अगुआई वाली भारतीय टीम सामने आ गई है। ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया, साथ ही टीम में ईशान किशन, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती को भी जगह मिली है। टी-20 वर्ल्ड कप का आयोजन 17 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच ओमान और UAE में किया जाएगा।

टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी की टीम में वापसी हो रही है। वे ड्रेसिंग रूम से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएंगे। BCCI ने उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप के लिए बतौर मेंटर नियुक्त किया है। धोनी ने 15 अगस्त 2020 को संन्यास लिया था। हम टीम में शामिल खिलाड़ियों के टी-20 के ओवर ऑल रिकॉर्ड (टी20 करियर जिसमें इंटरनेशनल, IPL और घरेलू टूर्नामेंट) और उनके इंटरनेशनल रिकॉर्ड (टी20I) के बारे में बता रहे हैं।

कैप्टन कोहली पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप में कप्तानी करते नजर आएंगे। उनकी कप्तानी में भारत ने 2017 की ICC चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल, 2019 के वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और इस साल खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, सभी में टीम को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में विराट कोहली के लिए ये टी-20 वर्ल्ड कप बतौर कप्तान काफी अहम माना जा रहा है।

रोहित शर्मा के कंधों पर टीम की उपकप्तानी और टीम को बढ़िया शुरुआत दिलाने का जिम्मा होगा। भारत ने जब 2007 में टी-20 वर्ल्ड कप जीता था, तब रोहित भी टीम का हिस्सा थे। पिछले कुछ समय से उन्होंने तीनों फॉर्मेट में काफी शानदार खेल भी दिखाया है। इस बार टूर्नामेंट में भी भारत को उनसे काफी दमदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

केएल राहुल ने पिछले काफी समय से अपनी फॉर्म से सभी को खासा प्रभावित किया है। राहुल के टीम में रहने से टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को काफी विकल्प मिलेंगे। वे ओपनर के साथ-साथ मध्यक्रम के बल्लेबाज की भूमिका भी निभा सकते हैं और साथ ही उनके रूप में टीम के पास एक बैकअप विकेटकीपर का भी ऑप्शन रहेगा।

इस साल इंटरनेशनल डेब्यू के बाद से सूर्यकुमार यादव के बल्ले से लगातार रन देखने को मिले हैं। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में डेब्यू के बाद उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ भी कमाल का खेल दिखाया था। टी-20 वर्ल्ड कप में यादव के कंधों पर मध्यक्रम को मजबूती देने का दारोमदार रहेगा।

टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान ऋषभ पंत से सभी को बहुत उम्मीद रहने वाली है। पंत का यह पहला वर्ल्ड कप होगा। यह बात सभी जानते हैं कि ऋषभ मध्यक्रम में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से मैच का रुख बदलने में माहिर है और टूर्नामेंट में टीम मैनेजमेंट और फैंस को उनसे ऐसे ही विस्फोटक प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

ईशान किशन को टीम में बैकअप विकेटकीपर की भूमिका में चुना गया है। पिछले कुछ समय में इस युवा खिलाड़ी ने अपने दमदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा है। घरेलू क्रिकेट से लेकर IPL तक हर जगह उनके बल्ले से रनों की बारिश देखने को मिली है। टी-20 वर्ल्ड कप में इनसे भी खासी उम्मीद रहेगी।

टीम में मुख्य ऑलराउंडर की भूमिका में हार्दिक पंड्या नजर आएंगे। हार्दिक बल्ले और गेंद से मैच बदलने में माहिर है और टूर्नामेंट के दौरान उनका अनुभव टीम के बहुत काम आ सकता है। पंड्या बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं और UAE की पिच पर उनकी गेंदबाजी टीम के लिए अहम साबित हो सकती है।

हार्दिक के बाद टीम में दूसरे ऑलराउंडर की भूमिका रवींद्र जडेजा निभाते हुए नजर आएंगे। जडेजा की लेग स्पिन UAE के मैदानों पर विराट एंड कंपनी के लिए बहुत कारगर सिद्ध हो सकती है। साथ ही निचलेक्रम पर वे तेज तर्रार पारी खेल टीम के लिए अच्छे रन भी बना सकते हैं।

मोहम्मद शमी मौजूदा समय में इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के लिए बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। टी-20 वर्ल्ड कप में शमी की यही फॉर्म और उनका अनुभव टीम के बहुत काम आ सकता है।

स्विंग के सुल्तान कहे जाने वाले भुवनेश्वर कुमार का टी-20 विश्व कप टीम में होना, भारत के लिए काफी अच्छे संकेत हैं। भुवी ने श्रीलंका दौरे पर अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेरा था। भुवी का हालिया फॉर्म भारत के लिए जीत की कुंजी साबित हो सकती है।

यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह इस वक्त अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में चल रहे हैं। इंग्लैंड दौरे पर वे लगातार इंग्लिश बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं और भारत के लिए बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। ना केवल अंतरराष्ट्रीय बल्कि IPL में भी बुमराह की सटीक यॉर्कर व स्लोअर गेंदों का जादू चला था। विश्व कप 2019 की बात करें, तो वहां भी बुमराह ने भारत को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी। एक बार फिर स्टार पेसर से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने अपने IPL प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया था। जिसके बाद उन्होंने श्रीलंका दौरे पर भी अपनी स्पिन गेंदबाजी का जादू चलाया। जिसका परिणाम है कि उन्हें युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव से पहले टीम में चुना गया है। चक्रवर्ती ने UAE में खेले गए IPL 2020 में KKR के लिए 13 मैचों में 6.84 की इकोनॉमी रेट से 17 विकेट चटकाए थे। अब टी-20 विश्व कप में भी इस स्पिनर से सभी को काफी उम्मीदें रहेंगी।

लेफ्ट आर्म स्पिनर अक्षर पटेल इंग्लैंड के खिलाफ तूफानी गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम के लिए फायदेमंद साबित हुए थे। अक्षर ने भारत के लिए अब तक 12 T20I मैचों में 6.88 की इकोनॉमी रेट से 9 विकेट चटकाए हैं। अक्षर गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी योगदान देने के लिए जाने जाते हैं। अब शोपीस में उनसे सभी को काफी उम्मीदें रहेंगी।

टी-20 विश्व कप टीम में जिस नाम ने सभी को सबसे अधिक हैरान किया, वह रविचंद्रन अश्विन का है। दिग्गज ऑफ स्पिनर खिलाड़ी को वॉशिंगटन सुंदर की जगह टीम में शामिल किया गया है। अश्विन भले ही 2017 से भारत की सीमित ओवर टीम का हिस्सा ना हों, लेकिन वे IPL और अपने टेस्ट प्रदर्शन से लगातार लिमिटेड ओवर टीम में दस्तक दे रहे थे। अब टी20 विश्व कप में उन्हें जो मौका मिला है, वे अपने सर्वश्रेष्ठ के साथ मैदान पर उतरकर उसे भुनाने का पुरजोर प्रयास करते नजर आएंगे।

युजवेंद्र चहल की जगह टी-20 विश्व कप स्क्वाड में राहुल चाहर को चुना गया है। चाहर ने पिछले कुछ वक्त में अपनी लेग स्पिन गेंदबाजी से सभी को काफी प्रभावित किया है। UAE में आयोजित हुए IPL 2020 में मुंबई इंडियंस को ट्रॉफी जिताने में राहुल का बड़ा योगदान रहा था, क्योंकि उन्होंने 15 मैचों में 8.16 की इकोनॉमी रेट से गेंदबाजी करते हुए 15 विकेट चटकाए थे। इसके अलावा लेग स्पिनर ने श्रीलंका दौरे पर भी अच्छी गेंदबाजी की और अब टी20 विश्व कप में उनसे सभी को काफी उम्मीद रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *