Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बंदी सिखों की रिहाई के लिए निकाला रोष मार्च

  • खुद को जंजीरों में जकड़ काले कपड़े पहन रोष मार्च में शामिल हुए सिख समुदाय के नागरिक
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    सजा पूरी होने के बाद भी करीब 10-12 सालों से जेल में बंद बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर क्षेत्र के सिख समुदाय की ओर से सोमवार को पूर्व घोषणानुसार जिला मुख्यालय पर रोष मार्च निकाला गया। सिख समुदाय के नागरिक खुद को जंजीरों में जकड़ काले कपड़े पहन रोष मार्च में शामिल हुए। यह रोष मार्च टाउन के ऐतिहासिक गुरुद्वारा शहीद बाबा सुखासिंह शहीद बाबा महताब सिंह से शुरू हुआ जो जिला कलक्ट्रेट के समक्ष पहुंचकर सम्पन्न हुआ। यहां जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंप सजा पूरी कर बंदी सिखों को शीघ्र रिहा करने की मांग की गई। सिख समुदाय के गुरप्रीत सिंह ने बताया कि रोष मार्च के जरिए 25 साल से अधिक समय से गैर कानूनी तौर पर जेलों में बंद बंदी सिख जगतार सिंह, दविन्द्रपाल सिंह, बलवंत सिंह राजोआना, परमजीत सिंह, जगतार सिंह, शमशेर सिंह, लखविन्द्र सिंह, गुरमीत सिंह व गुरदीप सिंह को रिहा करने की आवाज बुलंद की गई है। उन्होंने बताया कि देश की विभिन्न जेलों में बंद बंदी सिखों ने काफी समय पहले अपनी सजा पूरी कर ली है। वे पिछले 32-32 सालों से जेल में नजर बंद हैं लेकिन केन्द्र व प्रदेश सरकारें सिखों को रिहा नहीं कर रही। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने सजा पूरी होने वाले बंदी सिखों को रिहा नहीं किया तो सिख कौम अकाल तख्त साहिब के हुक्मानुसार आगामी आंदोलन करेगी।