विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्री खुशालदास विश्वविद्यालय के विधि संकाय के तत्वावधान में सोमवार को ग्राम पंचायत भवन मक्कासर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में नालसा, रालसा व डीएलएस के आदेशों की पालना में विधि छात्र-छात्राओं की ओर से अलग-अलग टीम बनाकर साइबर क्राइम मुक्त राष्ट्र अभियान के तहत ग्रामीणों को जागरूक किया गया व विधिक प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई। इससे पहले विश्वविद्यालय परिसर से विधि छात्र-छात्राओं को कुलसचिव डॉ. श्यामवीर सिंह एवं डायरेक्टर जनरल गिरिश चावला की ओर से रवाना किया गया। ग्राम पंचायत मक्कासर पहुंचने पर विधि छात्र-छात्राओं का ग्राम सरपंच बलदेव सिंह, जनतासिंह व अन्य गणमान्य नागरिकों की ओर से ग्राम पंचायत भवन में स्वागत किया गया। शिविर में भाखड़ा नहर परियोजना के नवनिर्वाचित चेयरमैन मनप्रीत सिंह भी मौजूद रहे। इस मौके पर विधि संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ. विक्रम मेहरा ने ग्रामीणों व छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी व कानून का महत्व समझाया। अधिवक्ता हरिश जोशी ने साइबर के अर्थ को बताते हुए कम्प्यूटर व डिजिटल माध्यम से वर्तमान समय में एटीएम क्लोनिंग, सोशल प्रोफाइल हैंकिंग, फेक लोन एप्स, थिफिंंग आॅफ डिजिटल आइडेन्टीटी सोशल, डिजिटल ब्लैकमेलिंग व मानहानि आदि के जरिए किए जा रहे साइबर अपराध के बारे में जानकारी दी। साथ ही आमजन इन अपराधों से अपनी व अपनों की सुरक्षा कैसे कर सकते हैं, इसके बारे में जागरूक किया गया। साइबर क्राइम के अलग-अलग पहलूओं के बारे में जानकारी देते हुए साइबर क्राइम के खिलाफ किस प्रकार कानूनी कार्रवाई करवाई जा सकती है, के बारे में आमजन को जागरूक किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के विधि व्याख्याता इन्द्रसेन बुगालिया, रजनीश बिश्नोई, राज कंवर, यशस्विनी, मेधा आदि मौजूद रहे।