नई दिल्ली
जिस समय शेयर बाजार के निवेशक यह सोचने में व्यस्त थे कि HDFC बैंक या ICICI बैंक के शेयरों में बेहतर कौन है? कहां निवेश करने पर ज्यादा रिटर्न मिलेगा? उसी दौरान जिन निवेशकों ने स्मार्टनेस दिखाते हुए प्राइवेट बैंक के शेयरों को अनदेखा कर पीएसयू बैंक के शेयरों (PSU banking stock) पर दांव लगाए, उन्होंने खूब मुनाफा कमाया। जी हां.. मुनाफा कराने के मामले या यूं कहें कि शानदार रिटर्न देने में सरकारी बैंक के शेयर प्राइवेट बैंकिंग स्टाॅक्स (Banking stocks) से कहीं आगे रहे।
पिछले एक साल में निफ्टी बैंक इंडेक्स ने एफडी से बेहतर 8 पर्सेंट से ज्यादा का रिटर्न दिया है। वहीं, निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स (Nifty PSU bank index) ने 35 फीसदी रिटर्न के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। साल-दर-साल के आधार पर, पीएसयू बैंक इंडेक्स फ्लैट निफ्टी बैंक के मुकाबले 8 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है।
पिछले एक साल में किस बैंकिंग स्टाॅक ने कितना रिटर्न दिया?
वैसे तो निवेशकों के लिए ICICI बैंक के शेयर (ICICI Bank stock) पसंदीदा बैंकिंग स्टॉक में से एक है। लेकिन इस बैंकिंग स्टॉक ने पिछले एक साल में महज 23.74% का ही रिटर्न दिया है। वहीं, HDFC बैंक के स्टॉक ने पिछले एक साल में शून्य रिटर्न दिया है और इस शेयर ने पिछले एक साल में अपने निवेशकों को 2.15% का नुकसान कराया है। कोटक महिन्द्रा बैंक के शेयर ने सालभर में केवल 2.34% का ही रिटर्न दिया है। वहीं, बंधन बैंक के शेयरों ने महज 1.14% का रिटर्न दिया है।