गोशाला संचालकों ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा मांगपत्र हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। गोशालाओं को नौ माह का अनुदान देने के साथ अनुदान राशि बढ़ाने की मांग को लेकर जिला गोशाला विकास समिति के बैनर तले क्षेत्र के गोशाला संचालकों ने सोमवार को मुख्यमंत्री को उपखण्ड अधिकारी डॉ. अवि गर्ग के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। इस मौके पर समिति अध्यक्ष अभयपाल ऐचरा ने बताया कि राज्य सरकार ने 2 मार्च 2019 को बकाया 9 माह का अनुदान देने की घोषणा की थी जो आज 3 वर्ष बीत जाने के बाद भी पूर्ण नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि चारे का भाव आसमान छू रहा है। वर्तमान अनुदान से गोशाला को चारे की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। कोरोना की वजह से नियमित दान में भी कमी आई है। इसलिए गोशालाओं को शीघ्र बकाया 9 माह का अनुदान प्रदान किया जाए। अनुदान की राशि 100 रुपए प्रति बड़े गोवंश व 50 रुपए प्रति छोटे गोवंश के लिए की जाए।