Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बच्चों का सिर-हाथ काटने वाला बंदर पकड़ा गया:पेट्रोल पंप पर बैठकर उछल-कूद करता था

श्रीगंगानगर

श्रीगंगानगर में कई दिनों से उत्पात मचा रहे बंदर को आखिरकार जयपुर से आई फोरेस्ट डिपार्टमेंट की टीम ने पकड़ा। बंदर अब तक चार-पांच बच्चों पर हमला कर चुका हैं। सिर और हाथ को काट चुका हैं। कलेक्टर को परेशानी बताने के बाद जयपुर से टीम आई।

जैतसर-पदमपुर रोड पर पेट्रोल पंप पर बैठा रहता
बंदर जैतसर से पदमपुर रोड पर एक पेट्रोल पंप पर बैठा रहता था। आस-पास रहने वाले कई बच्चों पर बंदर ने हमला किया था। इस पर यहां रहने वाले प्रगट सिंह ने संपर्क पोर्टल पर शिकायत की। संपर्क पोर्टल पर शिकायत के बाद कई दिन बात नहीं बनी तो कलेक्टर से संपर्क किया। कलेक्टर तक बात पहुंचने के बाद गुरुवार सुबह बंदर पकड़ने के लिए फोरेस्ट डिपार्टमेंट जयपुर की तीन सदस्यीय टीम पहुंची।

सुबह सात बजे शुरू की कार्रवाई
क्षेत्रीय वन अधिकारी सुभाष शर्मा और सहायक वन पाल विजेंद्र कुमार के साथ टीम ने आज सुबह सात बजे जैतसर-पदमपुर रोड पर पेट्रोल पंप पर डेरा डाला। सुबह करीब नौ बजे के आस-पास बंदर पहली बार नजर आया। इसी के साथ उछल कूद शुरू हो गई। फोरेस्ट डिपार्टमेंट की जयपुर से आई टीम ने उस पर नजर रखी। बंदर जहां भी जाता वन विभाग की टीम भी उसके साथ पहुंच जाती। टीम ने साथ लाया ट्रंक्वोलाइजर तैयार किया। बंदर के एक जगह बैठने पर फोरेस्ट डिपार्टमेंट की टीम ने उस पर ट्रंक्वोलाइजर का उपयोग कर दिया। इसके बाद टीम ने आसानी से उसे पकड़ा और पिंजरे में बंद कर लिया।

वन विभाग की टीम के सदस्यों का कहना था कि अब इस उत्पाती बंदर को वे अपने साथ जयपुर ले जाएंगे। गलता इलाके में छोड़ देंगे। इस इलाके में पहले से बहुत से बंदर रहते हैं।