Wednesday, May 13निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बजाज ग्रुप से हटा राहुल बजाज का साया, कौन और क्या कर रही नई पीढ़ी

नई दिल्ली

करीब 84 साल की उम्र में राहुल बजाज का निधन हो गया है। पांच दशक तक बजाज समूह की जिम्मेदारी संभालने वाले राहुल बजाज ने पिछले साल ही कारोबार में अपनी सक्रियता कम कर दी थी। हालांकि, इसके बावजूद वह समूह के लिए एक साये की तरह थे। अब राहुल बजाज के निधन के बाद पूरी तरह नई पीढ़ी पर जिम्मेदारियां हैं। हम आपको बताएंगे कि राहुल बजाज की नई पीढ़ी में कौन-कौन है और ये क्या कर रहे हैं।  

कौन-कौन है परिवार में: राहुल बजाज के परिवार में उनके दो बेटे राजीव बजाज और संजीव बजाज हैं। राजीव,  बजाज ऑटो के मैनेजिंग डायरेक्टर पद पर हैं। राजीव बजाज साल 2005 से इस पद पर बने हुए हैं। उन्होंने 1988 में पुणे यूनिवर्सिटी से मेकेनिकल इंजीनियरिंग में ग्रैजुएशन और वारविक यूनिवर्सिटी से 1990 में मास्टर्स की पढ़ाई की है।

इसके बाद बजाज ऑटो से जुड़ गए। वह बजाज ऑटो की बोर्ड में भी शामिल हैं। बजाज की फाइनेंस से जुड़ी कंपनियों में भी राजीव बजाज को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। राजीव बजाज की अगुवाई में पल्सर बाइक को लोकप्रियता मिली थी।