चेन्नई/बेंगलुरु
कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में तेजी के बीच तमिलनाडु सरकार ने पूरे राज्य में रविवार को पूर्ण लॉकडाउन लागू करने का एलान किया है। यह लॉकडाउन शनिवार की रात 10 बजे शुरू होगा और सोमवार की सुबह पांच बजे तक प्रभाव में रहेगा। राज्य में रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक कर्फ्यू पहले ही लागू है।
रविवार को लॉकडाउन के दौरान प्रदेश में दूध की दुकानों, एटीएम, अस्पतालों, अस्पताल संबंधी कार्यों, माल परिवहन आदि आवश्यक सेवाओं को संचालन की अनुमति दी गई है। इसके अलावा रेस्तरां और होटल सुबह सात बजे से रात 10 बजे तक भोजन ले जाने की सुविधा दे सकेंगे और डिलिवरी भी कर सकेंगे।
राज्य में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 28,561 नए मामले दर्ज किए गए थे और 39 संक्रमितों की मौत हुई थी। यहां अब कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों की संख्या एक लाख 79 हजार 205 है। गुरुवार को सामने आए कोविड के नए मामलों में से राजजधानी चेन्नई में 7520 और कोयंबटूर में 3390 मरीज मिले थे।