श्रीगंगानगर
पिछले दिनों मौसम के बदले मिजाज और फ्रूट में गलन जैसे रोग के चलते देश भर में प्रसिद्ध श्रीगंगानगर का किन्नू इन दिनों बागों में ही गल रहा है। बड़े पैमाने पर किन्नू तो पिछले दिनों स्पेशल ट्रेन से बांग्लादेश भिजवा दिया गया। ऐसे में लोकल और देश के अन्य राज्यों की डिमांड के लिए कुछ किसानों ने बागों में ही किन्नू रोक रखा था, लेकिन पिछले दिनों मौसम में अचानक आए बदलाव ने किसानों के सभी गणित बिगाड़ दिए।
मौसम के बदलाव और इलाके में फ्रूट गलन रोग के चलते किन्नू खेतों में ही गिरने लगा। फल में कुछ ऐसी समस्या हो गई है कि यह ज्यादा समय तक टिक भी नहीं पा रहा। ऐसे में महाराष्ट्र, बैंगलुरु और दूर के राज्यों में इसके नो डिमांड के हालात हो गए हैं। इससे व्यापारियों को नुकसान हुआ है। श्रीगंगानगर और राजस्थान से सटे पंजाब के इलाकों में बाग मालिक इन दिनों यह गला हुआ किन्नू पशुओं को खिलाने को मजबूर है।