Sunday, May 3निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बस स्टैंड में फिर आमने-सामने हुए रोडवेज व लोक परिवहन बस कर्मचारी

  • पुलिस को पहुंचकर करनी पड़ी समझाइश
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    राजस्थान रोडवेज बस के समय के बराबर लोक परिवहन बस चलाने को लेकर पिछले कई दिनों से रोडवेज व लोक परिवहन बस आॅपरेटरों के मध्य चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामले में गुरुवार को टाउन के बस स्टैंड में रोडवेज कर्मचारियों ने लोक परिवहन की बस नम्बर आरजे 18 पीए 7868 को फिर रोक लिया और रोडवेज बस के समय के बराबर रूट पर चलाए जाने पर विरोध जताया। इसके चलते रोडवेज व लोक परिवहन बस के कर्मचारी फिर आमने-सामने हो गए। सूचना पर टाउन पुलिस को मौके पर पहुंच समझाइश करनी पड़ी। इस मौके पर रोडवेज कर्मचारी लखवीर सिंह ने बताया कि लोक परिवहन की बस नम्बर आरजे 18 पीए 7868 का परमिट सीकर आरटीओ की ओर से जारी किया हुआ है। जबकि बीकानेर आरटीओ की ओर से जारी संयुक्त समय सारणी में इस बस का समय नहीं है। जो समय इस लोक परिवहन बस को दिया गया है वही समय राजस्थान रोडवेज बस का है। इस कारण राजस्थान रोडवेज की बस को आर्थिक हानि हो रही है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को रोडवेज कर्मचारियों ने लोक परिवहन की इस बस को टाउन बस स्टैंड पर रूकवाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इस बस के कर्मचारियों को राजस्थान रोडवेज बस के समय के बराबर न चलने के लिए पाबंद किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त बस के मालिक व स्टाफ की ओर से रोडवेज कर्मियों को धमकाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि रोडवेज बस के समय के बराबर उक्त लोक परिवहन बस को चलाने से रोजाना विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मध्यस्थता कर इस विवाद का निपटारा करवाने की मांग की।