श्रीगंगानगर
जिले की रायसिंहनगर पुलिस ने सोमवार को बाइक चोर गिरोह पकड़ा है। पकड़े गए दो आरोपियों से सात बाइक बरामद हुई हैं। सातों बाइक चोरी की हैं। इसके साथ ही कुछ बाइक्स के कल पुर्जे भी बरामद किए गए हैं। ऐसे में चोर गिरोह के बाइक्स के पुर्जे खोलकर बेचने की आशंका जताई जा रही है।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में गांव तीन एलपीएम निवासी विशाल बिश्नोई (23 ) और वार्ड छह निवासी विनोद कुमार (47 ) पुत्र सीताराम डाकोत को गिरफ्तार किया है। विशाल नशे की लत पूरी करने के लिए बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वह इन बाइक्स को रायसिंहनगर में कबाड़ का काम करने वाले विनोद को केवल दो से तीन हजार रुपए में बेच देता था। विनोद इन बाइक्स को टुकड़ों में बेचता। दोनों पिछले एक साल से यह काम कर रहे थे। विशाल रायसिंहनगर सहित कई अन्य जगह पर वारदातों को अंजाम देता रहा है। पुलिस गैंग में शामिल अन्य लोगों को तलाश रही है।
रविवार को हुआ था मामला दर्ज
गैंग के मुखिया विशाल बिश्नोई के खिलाफ 29 अक्टूबर को ही गांव 57 एनपी के सुमेश कुमार पुत्र शिव कुमार ने बाइक चोरी का मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने इस मामले में साक्ष्य जुटाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में बाइक चोरी की और वारदातें खुलने की संभावना है।