बाइपास मार्ग के हालात जर्जर, वार्डवासियों ने किया चक्काजाम
by seemasandesh
बाइपास मार्ग पर खुंजा के पास करीब एक घंटे लगाया जाम, जल्द सड़क का निर्माण शुरू न होने पर बेमियादी समय के लिए जाम लगाने की चेतावनी हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। जर्जर हो चुकी जंक्शन में बाइपास मार्ग पर बनी सड़क का दोबारा निर्माण करने की मांग की तरफ ध्यान न दिए जाने से नाराज खुंजा क्षेत्र के नागरिकों ने बुधवार को बाइपास मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। मोहल्लेवासियों ने जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा व पार्षद स्वर्णसिंह के नेतृत्व में सड़क को जाम करते हुए वाहनों की आवाजाही रोक दी और सड़क के बीच धरने पर बैठ गए। आक्रोशित महिलाओं ने यहां तक चेतावनी दे डाली कि अगर प्रशासन से सुनवाई नहीं की तो उन्हें विद्युत पोल या टंकी पर चढ़कर विरोध दर्ज करवाना पड़ेगा। इसकी जिम्मेवारी प्रशासन की होगी। वार्ड की महिला सरबती देवी ने बताया कि बाइपास मार्ग पर बनी सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। वाहन गुजरते समय धूल-मिट्टी उड़ती है। इसके कारण आसपास के लोग परेशान हैं। बड़े-बुजुर्गांे को सांस लेने में दिक्कत होती है। बरसाती पानी के अलावा घरों से निकलने वाला पानी कई दिनों तक सड़क में बने गड्ढों में भरा रहता है। इससे मच्छर पैदा होने से डेंगू जैसी बीमारियां फैलने का डर सता रहा है। करीब एक साल से यह समस्या बनी हुई है। पूर्व में कई बार जिम्मेवारों को समस्या का समाधान करवाने को कहा गया लेकिन सुनवाई नहीं हुई। प्रशासन से मांग है कि बाइपास मार्ग पर क्षतिग्रस्त हो चुकी इस सड़क का जल्द से जल्द दोबारा निर्माण करवाया जाए ताकि आसपास के मोहल्ले में रहने वाले नागरिकों को इस समस्या से निजात मिले। जिला परिषद सदस्य मनीष गोदारा ने कहा कि पांच-छह माह से यह सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। आसपास रहने वाले लोगों को ढंग से बैठकर भोजन तक करना नसीब नहीं हो रहा। अधिकतर परिवारों में बच्चों व महिलाओं को दमा की शिकायत हो चुकी है। पूरा दिन धूल-मिट्टी उड़कर घरों में जाती है। करीब पांच-छह माह से इस सड़क का पुनर्निर्माण करवाने की मांग की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में बाइपास मार्ग से सिर्फ बड़े वाहन या शहर से बाहर से गुजरने वाले वाहन गुजरते थे। लेकिन अब सूरतगढ़ रोड पर स्थित स्कूल के पास सड़क निर्माण कार्य के चलते रास्ता बंद होने के कारण स्कूली बसें व अन्य वाहन भी बाइपास मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में बाइपास मार्ग के आसपास रहने वाले लोगों की यह परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि स्वयं अधिकारी मौके पर आकर आसपास के घरों का हाल देखें। पार्षद स्वर्णसिंह ने कहा कि जब भी वार्डवासियों की ओर से सड़क बनाने की मांग की जाती है तो कह दिया जाता है कि 10-15 दिन में काम शुरू हो जाएगा। लेकिन अभी तक सड़क का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। अगर एक सप्ताह के बीच इस सड़क का पुनर्निर्माण शुरू नहीं किया गया तो सोमवार को इस सड़क पर बेमियादी समय के लिए चक्काजाम किया जाएगा। उधर, चक्काजाम की सूचना मिलने पर मौके पर जंक्शन थाना से पहुंचे एएसआई जसकरण सिंह को मोहल्लेवासियों ने ज्ञापन सौंप चक्काजाम खोल दिया। जाम करीब एक घंटे जारी रहा। इस मौके पर गुरलाल मान, सुनीता देवी, सोमा देवी, मधुबाला, वीरपाल, मनप्रीत सिंह, संजय शाक्य, सरवन कुमार, संतोख सिंह, प्रदीप कम्बोज, नेकराम, वीरेन्द्र स्वामी, प्रीतम शाक्य, गुरदेव सिंह, जगदेव सिंह, कर्मसिंह, कुलदीप आदि मौजूद थे।