Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बाबर आजम के पास पाकिस्तान का सबसे सफल टी20 कप्तान बनने का मौका, लेकिन भारत से पार पाना मुश्किल

नई दिल्ली

पाकिस्तान की टीम एशिया कप में 28 अगस्त को आईसीसी टी20 रैंकिंग में पहले स्थान पर मौजूद भारत के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। बाबर आजम के पास इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान का सबसे सफल टी20 कप्तान बनने का सुनहरा मौका है। वह ये उपलब्धि हासिल करने से सिर्फ कुछ मैच दूर हैं। 27 वर्षीय ने पाकिस्तान का 41 मैचों में नेतृत्व किया है और इनमें से 26 मैचों में जीत दिलाई है। जीत प्रतिशत 72.22 रहा है। इस दौरान टीम को 10 मैचों में हार का सामना करना पड़ा और पांच मैच बेनतीजा रहे। 

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद का रिकॉर्ड बतौर कप्तान छोटे फॉर्मेट में सबसे बेहतर है। सरफराज को 2019 में कप्तानी के पद से हटा दिया गया था। अहमद ने 2016 से 2019 तक टीम का नेतृत्व किया था। इस दौरान 37 मैचों में टीम को 29 में जीत मिली थी और जीत प्रतिशत 78.37 रहा। 

यूएई में हो रहे एशिया कप में बाबर आजम के पास सरफराज खान के इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का बड़ा मौका होगा। पाकिस्तान की टीम दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत के खिलाफ 28 अगस्त को अपने अभियान की शुरुआत करेगी। ये मैच किसी महामुकाबले से कम नहीं होगा, जबकि दूसरा मैच 4 सितंबर को हो सकता है। दरअसल, एसीसी ने इस बार शेड्यूल कुछ अलग तरीके का बनाया है, जहां 6 टीमों को दो ग्रुप में रखा गया है। ग्रुप स्टेज में सभी टीमों को अपने ग्रुप की बाकी दोनों टीमों से भिड़ना है। इसके बाद जो दोनों ग्रुप में टॉप की दो टीमें होंगी, वो सुपर 4 में जाएंगी। 

इस तरह वहां भी भारत बनाम पाकिस्तान मैच संभव है। उस दिन ए1 बनाम ए2 मैच शेड्यूल है। ये मैच दुबई में आयोजित होगा। अगर सब कुछ ठीक रहा तो फिर भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत 11 सितंबर को दुबई में ही होने वाले एशिया कप 2022 के फाइनल में भी हो सकती है। इस तरह 16 दिन में तीन बार भारत और पाकिस्तान टी20 इंटरनेशनल मैच खेलते नजर आ सकते हैं। ऐसे में पाकिस्तान के कप्तान के लिए ये रिकॉर्ड हासिल करना आसान नहीं होने वाला है। 

अपनी कप्तानी के रिकॉर्ड के अलावा बाबर टी20 में 8000 से अधिक रन बनाने वाले पाकिस्तान के दूसरे बल्लेबाज बनने के काफी करीब हैं। दाएं हाथ का बल्लेबाज इस उपलब्धि से केवल 120 रन दूर है। शोएब मलिक वर्तमान में पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।