बारिश के बीच आठ दिन से झोंपड़ी में नवजात के साथ डटी विवाहिता
by seemasandesh
मामला संज्ञान में आने पर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष मिले परिवार से, की समझाइश हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। खेत में बनी ढाणी में आने-जाने के लिए रास्ता उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर ग्राम पंचायत पक्कासारणा के चक 23 एलएलडब्ल्यू में एक विवाहिता अपने 11 दिन के मासूम बच्चे के साथ बारिश के बीच आठ दिन से झोंपड़ी में बैठी है। विवाहिता के साथ पूरा परिवार यहां डटा है। इन दिनों खराब मौसम के बीच दिन-रात हो रही बारिश के बीच ही महिला व उसका परिवार मासूम को लेकर अस्थाई रूप से कागज डालकर बनाई गई झोंपड़ी में बैठा है लेकिन अभी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उधर, मामला संज्ञान में आने पर बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल शुक्रवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार की बात सुन आश्वस्त किया कि प्रशासनिक या पंचायत स्तर पर जहां भी आवश्यक हुआ, इस परिवार का सहयोग करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही परिवार से समझाइश की गई है कि नवजात बच्चे की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए। इसके लिए उन्हें पाबंद किया गया कि अगर बच्चे के साथ कोई अनहोनी होती है तो परिवार के खिलाफ भी बाल कल्याण समिति कार्रवाई कर सकती है। साथ ही आश्वस्त किया कि उनकी बात को उच्च स्तर तक पहुंचा रास्ता दिलवाने का प्रयास किया जाएगा। गोयल ने कहा कि यह मामला रेवेन्यू कोर्ट में विचाराधीन है। लेकिन इतने लम्बे समय से यह परिवार ढाणी बनाकर रह रहा है। इसलिए इस परिवार का रास्ते का अधिकार बनता है। इसके लिए परिवार डीएलसी दर से दोगुणा अधिक रकम देने को तैयार है। जमीन के बदले जमीन देने की बात यह परिवार कह रहा है। लेकिन यह विडम्बना की बात है कि मामले का निस्तारण नहीं हो रहा। इस संबंध में जिला कलक्टर-एसडीएम से बात कर प्रयास किया जाएगा कि यह परिवार इस तरह खुले में न रहे।