बीकानेर
राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल में बीकानेर से एक लाख 14 हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कबड्डी, शूटिंग बॉल, खो-खो, वॉलीबॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट और हॉकी टीमों में हिस्सा ले रहे ये खिलाड़ी अपने अपने क्षेत्र में मैच खेलते हुए आगे आएंगे। राज्यभर में हो रहे इस खेलकूद के माध्यम से बीकानेर से कई होनहार सामने आ सकते हैं।
जिला कलक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि जिले के 1 लाख 14 हजार 326 खिलाड़ियों ने इन खेलों के लिए पंजीकरण करवाया है। इसके आधार पर जिले में 8 हजार 844 टीमें बनाई गई हैं। इन टीमों के बीच कबड्डी, शूटिंग बॉल, खो-खो, वॉलीबॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट और हॉकी के मुकाबले होंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार से जिले की सभी 366 ग्राम पंचायतों में इन खेलों का आयोजन होगा। वहीं जिला स्तरीय कार्यक्रम बरसिंहसर ग्राम पंचायत में प्रातः 8.30 बजे से आयोजित किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर की यह प्रतियोगिताएं 2 सितम्बर तक चलेंगी। इस दौरान 29 और 30 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि खेल मैदान चिन्हीकरण, खेल सामग्री खरीद, रैफरी और स्कोरर की नियुक्तियों सहित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। सभी ग्राम पंचायतों में इन खेलों का वृहद स्तर पर आयोजन किया जाएगा। इस दौरान राज्य सरकार की फ्लेगशिप योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।