Thursday, May 7निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बीकानेर में मौसम सुहाना:देर रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश रुक-रुक कर सुबह तक चली, आज दिनभर ऐसा ही मौसम

बीकानेर. बीकानेर में रुक-रुक कर हो रही रिमझिम बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया है। तापमान में गिरावट आई है और शुक्रवार को दिनभर ऐसा ही माहौल रहने की उम्मीद की जा रही है। पिछले एक सप्ताह में बीकानेर में दूसरी बार हल्की बारिश हुई है जबकि मौसम विभाग मेघगर्जन के साथ बारिश की चेतावनी दे रहा है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह ही जयपुर, जयपुर शहर, दौसा, अलवर, भरतपुर, सीकर, चूरू, नागौर, जैसलमेर और बीकानेर में कहीं कहीं मेघ गर्जन के साथ बूंदाबांदी और हल्की बारिश की चेतावनी दी थी। सुबह नौ बजे दी गई इस चेतावनी से पहले ही बीकानेर में बूंदाबांदी शुरू हो चुकी थी। सुबह छह बजे से बीकानेर के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हई। हालांकि कहीं से भी तेज बारिश की सूचना नहीं है। शहरी क्षेत्र में सड़कों को भिगाने तक की बारिश हुई है। गांवों में भी तेज बारिश नहीं हुई है। बीकानेर के अलावा श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू में भी बादल छाए हुए हैं।

इस मौसम के बाद बीकानेर में हवाओं में ठंडक बढ़ी है। सर्दी का अहसास होने लगा है। तापमान में आज कल के मुकाबले कमी आ सकती है। फिलहाल बीकानेर में न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। जो सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। आमतौर पर मार्च में 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास न्यूनतम पारा होता है। अब तापमान फिर से बीस डिग्री सेल्सियस तक आने की उम्मीद की जा रही है। बीकानेर में अधिकतम पारा भी सामान्य से करीब डेढ़ डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। गुरुवारको अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

बूंदाबांदी से चिंता नहीं

किसान को बूंदाबांदी से कोई खास चिंता नहीं है। पिछले दिनों की तरह अगर ओलावृष्टि होती है तो खेत में खड़ी फसल खराब हो सकती है। अब तक अकेले बीकानेर में सैकड़ों बीघा जमीन पर हुई खेती बर्बाद हो चुकी है। लूणकरनसर एरिया के गांवों में सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है।