श्रीगंगानगर. जिले के गजसिंहपुर इलाके में एफ नहर का गांव हरनौली हैड के पास पुल टूट गया। इससे कई गांवों का दूसरे गांवों से संपर्क टूट गया। जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने सिंचाई विभाग को घटना की जानकारी दी। वहीं खुद अपने स्तर पर भी पुल की तरफ आने वालों को रोका। इन लोगों ने वाहन चालकों को अन्य रास्तों से पास के गांवों को जाने के लिए कहा।
अचानक ढह गया पुल
गजसिंहपुर इलाके के गांव हरनौली के पास बना हरनौली हैड का पुल शुक्रवार सुबह अचानक ढह गया। इससे तेज आवाज हुई। आसपास के लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने आसपास के गांवों के लोगों को इस बारे में सूचना दी। गांव हरनौली की तरफ आने वाले वाहनों के चालकों को भी अन्य रास्तों से जाने के लिए कहा गया। जिन गांवों तक जाने के लिए यह पुल एक मात्र रास्ता है, उनका अन्य गांवों से संपर्क टूट गया है। पुल टूटने से गांव तीन एफएफए, चार एफएफए, एक एफडी सहित कई गांवों से आसपास के अन्य गांवों का संपर्क टूट गया है। दोपहर तक ग्रामीण पुल की मरम्मत में लगे थे। यह नहर गजसिंहपुर इलाके से 28 एफएफ कंवरपुरा की तरफ जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि पुल के टूटने के समय इस पर किसी वाहन अथवा व्यक्ति के नहीं होने से हादसा टल गया।