बेटियों की बरामदगी कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग
by seemasandesh
पीडित दम्पती के साथ ग्रामीणों ने लगाई पुलिस अधीक्षक से गुहार हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। भादरा तहसील के भिरानी पुलिस थाना में दर्ज दो लड़कियों की गुमशुदगी के मामले की सही प्रकार से जांच न कर मामले को दबाने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को गांव झांसल निवासी एक दम्पती ने ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर लड़कियों की बरामदगी करने की गुहार लगाई। ज्ञापन में दम्पती ने बताया है कि उनकी दो नाबालिग पुत्रियां 23 जून से लापता हैं। इसके सम्बन्ध में भिरानी पुलिस थाना में 24 जून को गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। दोनों लड़कियां 23 जून की रात बिना कुछ बताए कहीं चली गई। सुबह उठने पर पाया कि दोनों लड़कियां घर पर नहीं हैं। घर पर एक पत्र मिला जिसमें दोनों पुत्रियों को जान से मार देने का लिखा हुआ था। परिवार की ओर से जांच पड़ताल करने पर पता चला कि गांव के ही दो लड़के सुमित वाल्मीकि और पंकज जाट उनकी बेटियों को भगा कर ले गए हैं। सुमित के रोहतक में होने की सूचना मिलने पर उसे भिरानी थाना में पेश किया तो सुमित ने दोनों लड़कियों व पंकज जाट के नागपुर में अपने फूफा के पास होना बताया। पुलिस के साथ परिवारजन नागपुर में फूफा के पास गए तो उन्होंने पंकज व दोनों लड़कियों के बारे में अनभिज्ञता जाहिर की। दम्पती ने आरोप लगाया कि भिरानी पुलिस ने अब सुमित को छोड़ दिया है। पुलिस मामले को रफा-दफा करने में लगी हुई है जबकि सुमित को पंकज व दोनों लड़कियों के बारे में सबकुछ मालूम है। लड़कियों को बरामद करने की बजाय अब पुलिस कर्मी मां-बाप को ही लड़कियों के बारे में सबकुछ मालूम होने की बात कहते हुए सही प्रकार से जांच पड़ताल न कर मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने मामले की गहनता से जांच करवाते हुए दोनों बेटियों की बरामदगी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान मास्टर यशपाल अठवाल, सरपंच मनोहरलाल, रमेश कुमार, राजेन्द्र कुमार, विनोद, अशोक, दयानंद, हंसराज, सुरेन्द्र कुमार आदि मौजूद थे।