हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। महात्मा ज्योतिबा फुले मंडी श्रमिक कल्याण योजना के अन्तर्गत बेटियों की शादी के लिए धानमंडी के पंजीकृत दो हम्माल को गुरुवार को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि के चेक सौंपे गए। यह चेक कृषि उपज मंडी समिति सचिव सीएल वर्मा की ओर से दोनों मजदूरों को प्रदान किए गए। इस सहायता राशि से दोनों मजदूरों को आर्थिक सम्बल प्रदान होगा। कृषि उपज मंडी समिति सचिव सीएल वर्मा ने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फुले मंडी श्रमिक कल्याण योजना के अन्तर्गत मंडी समिति के पंजीकृत तोला और हम्माल को उनकी बेटी की शादी पर 50 हजार रुपए की सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है। प्रत्येक तोला-हम्माल की अधिकतम दो बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता राशि दी जाती है। इस योजना से मंडी के पंजीकृत हम्माल और तोला काफी लाभान्वित हो रहे हैं। जागरूकता की दृष्टि से समय-समय पर इस योजना के बारे में मजदूरों को जानकारी दी जाती है। मंडी समिति की कोशिश रहती है कि पंजीकृत तोला-हम्माल की लड़की की शादी के समय सभी को आर्थिक सहायता राशि मिले। इसी योजना के अन्तर्गत गुरुवार को हम्माल जयशंकर पुत्र सोहनलाल निवासी वार्ड 16, गांधीनगर, जंक्शन को उसकी पहली पुत्री अनुराधा जबकि हम्माल जयशंकर पुत्र सोहनलाल निवासी वार्ड 16, गांंधीनगर, जंक्शन को उसकी दूसरी पुत्री सिमरन की शादी के लिए क्रमश: 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी गई है। इससे इन मजदूरों को काफी आर्थिक लाभ मिलेगा व सम्बल प्रदान होगा। सचिव ने बताया कि इस योजना का लाभ लेने के लिए तोला-हम्माल को मंडी समिति से नि:शुल्क मिलने वाला निर्धारित आवेदन पत्र भरकर जमा करवाना होता है। इसके साथ लाइसेंस, शादी का कार्ड, मूल-निवास, विवाह प्रमाण पत्र, शपथ पत्र वगैरा दस्तावेज जमा करवाने पर योजना का लाभ दिया जाता है।