एडीएम ने समिति की मुहिम को सराहा हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। श्री अन्नपूर्णा आध्यात्मिक सेवा समिति की ओर से जिला कलक्टर नथमल डिडेल की प्रेरणा से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के तहत ग्राम पंचायत दो केएनजे में किसी भी परिवार में बेटी का जन्म होने पर उसकी मां को आवश्यक पौष्टिक आहार का वितरण करने का बीड़ा उठाया हुआ है। इसी क्रम में बुधवार को ग्राम पंचायत दो केएनजे में कुछ दिन पहले जन्म लेने वाली बच्ची के घर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रतिभा देवठिया ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अन्नपूर्णा आध्यात्मिक सेवा समिति अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा व सचिव प्रदीप पाल ने की। अतिथियों की ओर से बच्ची की माता अनु देवी पत्नी वकील राव को पौष्टिक आहार वितरण किया गया। सूचना देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ममता रानी को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। एडीएम देवठिया ने समिति की इस मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि समिति की ओर से महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया जा रहा है। उम्मीद है कि यह कार्य आगे भी जारी रहेगा। समिति अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा ने कहा कि समिति लगातार समाजसेवा और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है। अब तक समिति की ओर से जरूरतमंद परिवारों की 15 कन्याओं की शादी में सहयोग दिया जा चुका है। समिति सचिव प्रदीप पाल ने बताया कि कोरोना काल में समिति की ओर से जरूरतमंद 350 परिवारों को राशन वितरण किया गया था। काढ़े के अलावा मास्क भी वितरित किए गए। पंचायत में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान व तम्बाकू मुक्त अभियान चलाया गया। इसके चलते गत दिनों समिति को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया। भविष्य में भी यह कार्य लगातार जारी रहेंगे। इस मौके पर रायसिंह शर्मा, पृथ्वीराज सहारण, मंगतूराम पूनिया, चरणसिंह वर्मा, लालचन्द वर्मा, बलवीर सिंह बाजीगर, करण प्रजापत, अनीश खान, रिटायर हवलदार गुरचरण सिंह, लक्खासिंह, पवन कुमार, भरत कुमार आदि मौजूद थे।