हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। अघोषित बिजली कटौती बंद करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा सदस्यों ने बुधवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्राम पंचायत मक्कासर के सरपंच बलदेव सिंह व माकपा नेता रघुवीर सिंह वर्मा के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपते समय किसान सभा कार्यकर्ताओं ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में करीब एक सप्ताह से दिन में 3 से 4 घंटे तक बिजली के कट लग रहे हैं। खेतों में भी मात्र 6 घंटे बिजली की सप्लाई दी जाती है। इस कारण नरमा-कपास की बिजाई का कार्य प्रभावित हो रहा है। रात्रि को भी बिजली कटौती से ग्रामीणों को गर्मी के इस मौसम में परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि अघोषित बिजली कटौती की समस्या से जल्द निजात दिला विद्युत सप्लाई सुचारू की जाए। इस मौके पर लखवीर सिंह, ओम स्वामी, अजायब सिंह, बेअंत सिंह, दर्शन सिंह, बनवारीलाल, दातासिंह, प्रेम कुमार, महेन्द्र सिंह सहित किसान सभा के कई सदस्य मौजूद थे।