‘बेटी रथ’ को जिला प्रमुख व जिला कलक्टर ने दिखाई हरी झंडी
by seemasandesh
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ से जुड़ी योजनाओं का करेंगे प्रचार-प्रसार हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सोमवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग कार्यालय से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं पीसीपीएनडीटी अभियान के तहत जिले में प्रचार-प्रसार के लिए पांच ‘बेटी रथ’ रवाना किए जाएंगे। जिला प्रमुख कविता मेघवाल व जिला कलक्टर नथमल डिडेल की ओर से हरी झंडी दिखाकर पांचों ‘बेटी रथ’ रवाना किए गए। इस दौरान नेहरू युवा केन्द्र की जिला युवा अधिकारी मधु यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ज्योति धींगड़ा, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक प्रवेश सोलंकी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने कहा कि आज बेटियां भी बेटों के बराबर हर मुकाम हासिल कर रही हैं। हनुमानगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक व वे स्वयं इसकी उदाहरण हैं। इसलिए लोग अपनी बेटियों को घर में बैठाने की बजाए उन्हें उच्च शिक्षित करें ताकि वह भी अपने सपनों को साकार कर सके।