जयपुर
पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर के साथ होटल के कमरे में अश्लील वीडियो बनाकर हनीट्रैप में फंसाने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। जांच में पता चला कि मैनेजर के खास दोस्त ने ही उसे महिला से मिलवाया था। वीडियो वायरल करने और रेप का केस दर्ज कराने की धमकी देकर वह 20 लाख रुपए मांग रही थी। जांच में सामने आया कि महिला दिल्ली व अलवर में भी हनीट्रैप के मामले में लोगों को फंसाने में गिरफ्तार हो चुकी है।
भरतपुर की रहने वाली सीमा शर्मा (44) फिलहाल दिल्ली के उत्तमनगर में रहती है। सीमा जयपुर में पिछले कुछ महीनों से नया ग्राहक तलाश कर रही थी। इस दौरान पंजाब नेशनल बैंक के मैनेजर के दोस्त से सीमा की मुलाकात हुई। बैंक मैनेजर की 51 साल की उम्र है। उसके दोस्त ने बैंक मैनेजर से बात की और महिला को लोन दिलाने को कहा। सीमा ने उसे कहा कि वह प्रॉपर्टी में निवेश करना चाहती है। बैंकिंग सेक्टर में इंवेस्ट करने का झांसा दिया। मैनेजर उसके झांसे में आ गया।