Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बॉलीवुड ब्रीफ:अक्षय कुमार और कटरीना कैफ स्टारर ‘सूर्यवंशी’ दिवाली पर होगी रिलीज, ‘विस्फोट’ की शूटिंग अक्टूबर मिड से शुरू करेंगे फरदीन खान

एक्टर अक्षय कुमार की ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज डेट को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही है। महाराष्ट्र में सिनेमाघरों के 22 अक्टूबर से खुलने के ऐलान बाद अब डायरेक्टर रोहित शेट्‌टी ने ‘सूर्यवंशी’ की रिलीज को लेकर एक बड़ा फैसला किया है। रोहित शेट्‌टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बताया है कि ‘सूर्यवंशी’ दिवाली पर रिलीज होगी। इस पोस्ट में रोहित शेट्‌टी ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ हुई मुलाकात की एक फोटो भी शेयर की है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “हमारे माननीय मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को 22 अक्टूबर से महाराष्ट्र में सिनेमाघरों को फिर से खोलने के लिए धन्यवाद। और अंत में, हम कह सकते हैं, इस दिवाली… आ रही है पुलिस।” बता दें कि कोरोना महामारी के कारण इस फिल्म की रिलीज डेट कई बार टाली जा चुकी थी। इस फिल्म में अक्षय के अलावा कटरीना कैफ भी लीड रोल में हैं। अजय देवगन और रणवीर सिंह फिल्म में गेस्ट अपीरियंस में नजर आएंगे। इस फिल्म को करन जौहर ने प्रोड्यूस किया है।

‘विस्फोट’ की शूटिंग अक्टूबर मिड से शुरू करेंगे फरदीन खान
एक्टर फरदीन खान 11 साल बाद बॉलीवुड में वापसी करने जा रहे हैं। इस बात कुछ दिन पहले फिल्ममेकर संजय गुप्ता ने कंफर्म किया था। उन्होंने बताया था कि फरदीन उनकी अपकमिंग फिल्म ‘विस्फोट’ से कमबैक करेंगे। अब खबर आ रही है कि फरदीन खान इस फिल्म की शूटिंग अगले महीने अक्टूबर के मिड से शुरू करेंगे और इसके निर्देशन की कमान कूकी गुलाटी को सौंपी गई है। इस फिल्म में फरदीन खान के अलावा रितेश देशमुख भी मुख्य भूमिका में हैं। फरदीन की कमबैक फिल्म ‘विस्फोट’ वेनुजुएला की 2012 में रिलीज हुई फिेल्म ‘रॉक, पेपर, सिजर्स’ का ऑफिशल हिंदी रीमेक है। इस फिल्म ने 85वें ऑस्कर अवॉर्ड्स में बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म का अवॉर्ड जीता था। बता दें कि फरदीन आखिरी बार 11 साल पहले फिल्म ‘दूल्हा मिल गया’ में नजर आए थे।

रणबीर कपूर ने ‘मिस्टर लेले’ के स्पेशल सॉन्ग की शूटिंग की शुरू
एक्टर विक्की कौशल और कियारा आडवाणी काफी समय से अपनी अपकमिंग फिल्म ‘मिस्टर लेले’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का निर्माण करण जौहर कर रहे हैं। वहीं शशांक खेतान के कंधे पर फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी होगी। हाल ही में इस फिल्म से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आई थी कि रणबीर कपूर ‘मिस्टर लेले’ के एक स्पेशल सॉन्ग में नजर आने वाले हैं। अब खबर आ रही है कि रणबीर कपूर ने इस मजेदार डांस नंबर की शूटिंग शुरू भी कर दी है। उन्हें शनिवार को महबूब स्टूडियो के बाहर स्पॉट किया गया है। जिसकी कुछ फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हैं। रणबीर पिछले कुछ दिनों से इस सॉन्ग के लिए डांस रिहर्सल भी कर रहे थे। सूत्र की मानें तो यह एक सोलो ट्रैक है, जिसे गणेश आचार्य द्वारा कोरियोग्राफ किया जा रहा है। तनिष्क बागची और रोचक कोहली ने फिल्म के इस स्पेशल सॉन्ग को कंपोज किया है। यह गाना फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। ‘मिस्टर लेले’ का प्रोडक्शन लगभग खत्म हो चुका है। इस कॉमिक थ्रिलर फिल्म की शूटिंग अक्टूबर में पूरी हो जाएगी। जिसमें भूमि पेडनेकर भी मुख्य भूमिका में हैं।

कार्तिक आर्यन की ‘फ्रेडी’ की शूटिंग जल्द ही होने वाली है खत्म
एक्टर कार्तिक आर्यन इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘फ्रेडी’ की शूटिंग कर रहे हैं। अब हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इस फिल्म को लेकर एक अपडेट दिया है। कार्तिक ने अपनी एक फोटो के साथ एक इमोशनल नोट लिखा है। उन्होंने लिखा, “फ्रेडी अपने मुश्किल गुडबाय के पास है। साथ ही दुखी होने वाली इमोजी शेयर की है। कार्तिक ने अपनी इस फोटो के साथ फैंस को हिंट दे दिया है कि वह जल्द ही फिल्म की शूटिंग खत्म करने वाले हैं। बता दें कि इस फिल्म में कार्तिक के साथ अलाया एफ लीड रोल में नजर आने वाली हैं। इस रोमांटिक थ्रिलर फिल्म की शूटिंग कार्तिक ने 1 अगस्त से शुरू की थी। फिल्म को एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है। कार्तिक ने हाल ही में फिल्म का क्लाइमेक्स सीन शूट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *