Friday, May 15निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बॉलीवुड ब्रीफ:अफगान रेस्क्यू मिशन पर बेस्ड फिल्म ‘गरुड़’ अगले साल 15 अगस्त को होगी रिलीज, डायरेक्टर विशाल भारद्वाज की अपकमिंग फिल्म में नजर आएंगी तब्बू

फिल्ममेकर अजय कपूर और सुभाष काले ने अफगान रेस्क्यू मिशन पर बेस्ड अपनी अपकमिंग फिल्म ‘गरुड़’ की अनाउंसमेंट की है। यह फिल्म अगले साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को रिलीज की जाएगी। फिल्म समीक्षक कोमल नाहटा ने भी इस संबंध में जानकारी शेयर की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, “अजय और सुभाष ने फिल्म ‘गरुड़’ के लिए हाथ मिलाया है, जो अफगान रेस्क्यू मिशन पर आधारित है। अजय कपूर प्रोडक्शंस और विक्रांत स्टूडियो के बैनर तले इस फिल्म का निर्माण किया जाएगा। फिल्म के निर्देशक और कास्ट की घोषणा जल्द की जाएगी। यह फिल्म 15 अगस्त 2022 को थिएटर में रिलीज होगी।” यह एक बड़े बजट की फिल्म बताई जा रही है, जो अफगान रेस्क्यू मिशन की सच्ची घटना से प्रेरित होगी। मेकर्स ने फिल्म का मोशन पोस्टर जारी किया है, जिसमें फिल्म की झलक देखने को मिली है। गरुड़ भारतीय वायु सेना की एक विशेष बल इकाई को प्रस्तुत करता है। यह फिल्म गरुड़ कमांडो फोर्स में एक अधिकारी की कहानी पर आधारित है, जो अफगान रेस्क्यू मिशन का हिस्सा थे। निधि सिंह धर्म द्वारा इस फिल्म का लेखन किया गया है। रवि बसरूर ने फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर तैयार किया है।

डायरेक्टर विशाल भारद्वाज की अपकमिंग फिल्म ‘खुफिया’ में नजर आएंगी तब्बू
एक्ट्रेस तब्बू इन दिनों अपनी फिल्म ‘भूल भुलैया 2’ की शूटिंग में बिजी हैं। इस फिल्म में तब्बू के अलावा कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी लीज रोल में नजर आने वाले हैं। अब खबर आ रही है कि फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘खुफिया’ में तब्बू को कास्ट कर लिया है। तब्बू की यह विशाल के साथ तीसरी फिल्म होगी। उन्होंने इससे पहले विशाल के साथ ‘मकबूल’ और ‘हैदर’ में साथ काम किया था। सूत्रों के मुताबिक, इस एक्शन ड्रामा प्रोजेक्ट की कहानी सुनते ही तब्बू काम करने के लिए तैयार हो गईं। इस फिल्म का निर्देशन विशाल भारद्वाज करेंगे। खबरों के मुताबिक, विशाल भारद्वाज का यह प्रोजेक्ट खुफिया है, जिसमें तब्बू के साथ अली फजल को भी साइन कर लिया गया है। हालांकि, इस प्रोजेक्ट से जुड़ी तमाम बातों को अभी तक सीक्रेट रखा गया है। फिल्म से जुड़े सूत्र के मुताबिक इस फिल्म की कहानी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग से जुड़ी हुई है। फिल्ममेकर ने मसूरी लोकेशन को शूटिंग के लिए फाइनल भी कर लिया है। माना जा रहा है कि इस साल के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी।

डायरेक्टर रवि सिंह की ‘हसल’ में एक साथ नजर आएंगे संजय, रणवीर और राघव
फिल्ममेकर रवि सिंह ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘हसल’ की अनाउंसमेंट की है। उनकी इस फिल्म में संजय मिश्रा, रणवीर शौरी, राघव जुयाल, इश्तियाक खान और तेजस्वी सिंह अहलावत मुख्य भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म का लेखन रवि सिंह ने ही किया है। वहीं जयेश पटेल इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं। ब्रावो एंटरटेनमेंट फिल्म को प्रस्तुत करेगी। रवि ने कहा, “फिल्म हर इंसान में व्याप्त अंधेरे की कहानी है। कुछ लोगों में इसके साथ बढ़ने का साहस होता है, जबकि कुछ में खुद के अस्पष्ट हिस्सों को खोजने का साहस है। कुछ अलग दिखने और चांद की तरह चमकने की जद्दोजहद करते हैं, कुछ में बदले की आग होती है। यह चार जिंदगियों और उनके जीने के संघर्ष की कहानी है।” उनका मानना है कि यह फिल्म हर व्यक्ति के अंदर मौजूद अंधेरे को खोजती है। बताया जा रहा है कि फिल्म का पहला शूटिंग शेड्यूल वाराणसी में होगा। इस फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम पूरा हो चुका है। मेकर्स इस फिल्म को मई 2022 में रिलीज करेंगे।

ईशान खट्टर ने शुरू की ‘पिप्पा’ की शूटिंग, फर्स्ट लुक पोस्टर किया शेयर
शाहिद कपूर के छोटे भाई और एक्टर ईशान खट्टर पिछले काफी समय से अपनी अपकमिंग फिल्म ‘पिप्पा’ को लेकर सुर्खियों में हैं। अब ईशान ने अपनी इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर फिल्म से अपना फर्स्ट लुक पोस्टर शेयर कर फैंस को दी है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “यह बेहद खास होने वाला है। ‘पिप्पा’ की शूटिंग शुरू हो गई है, गॉडस्पीड।” ईशान की फिल्म के इस पोस्टर पर शाहिद कपूर ने कमेंट कर लिखा, “ओहो बहुत अच्छा लग रहा है।” रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईशान अमृतसर में इस फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। यह फिल्म राजा मेनन के निर्देशन में बन रही है। रॉनी स्क्रूवाला और सिद्धार्थ रॉय कपूर इस फिल्म को मिलकर बना रहे हैं। इस फिल्म में ईशान के साथ एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर नजर आएंगी। इन दोनों के अलावा फिल्म में प्रियांशु पेनयुली और सोनी राजदान भी एक अहम भूमिका में हैं। फिल्म में प्रख्यात संगीतकार ए. आर रहमान फिल्म का संगीत देंगे। यह फिल्म अगले साल थिएटर में रिलीज होगी। ‘पिप्पा’ 1971 में हुए भारत-पाकिस्तान युद्ध पर आधारित है। इसे ब्रिगेडियर बलराम सिंह मेहता की पुस्तक ‘द बर्निंग चैफिस’ के आधार पर बनाया जा रहा है। 45वीं घुड़सवार दस्ते में शामिल ब्रिगेडियर मेहता ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान पूर्वी मोर्चे पर लड़ाई लड़ी थी। बांग्लादेश को स्वतंत्र करने के लिए लड़ी गई इस लड़ाई में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिल्म में ईशान ब्रिगेडियर बलराम सिंह मेहता की भूमिका में नजर आने वाले हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *