Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

बॉलीवुड ब्रीफ:अहान शेट्‌टी और तारा सुतारिया स्टारर ‘तड़प’ अब 3 दिसंबर को आएगी, प्रतीक गांधी की बॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘रावण लीला’ 1 अक्टूबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

सुनील शेट्‌टी के बेटे अहान शेट्‌टी और तारा सुतारिया स्टारर फिल्म ‘तड़प: एन इनक्रेडिबल लव स्टोरी’ की नई रिलीज डेट की अनाउंसमेंट कर दी गई है। इस बात की जानकारी इस फिल्म के निर्देशक मिलन लुथरिया ने खुद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस को दी है। उन्होंने लिखा, “एक अद्भुत प्रेम कहानी का इंतजार कर रहा हूं। ‘तड़प’ बड़े पर्दे पर 3 दिसंबर 2021 को आएगी।” कुछ दिन पहले ही फिल्म का एक पोस्टर शेयर किया गया था, उसमें रिलीज डेट 24 सितंबर बताई गई थी। लेकिन मौजूदा हालात के मद्देनजर फिल्म की रिलीज को टाल दिया गया है, क्योंकि सिनेमाघरों को लेकर अब भी अनिश्चतता बरकरार है। बता दें कि ‘तड़प’ से अहान शेट्‌टी का बॉलीवुड में डेब्यू होगा। ‘तड़प’ 2018 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म ‘RX 100’ का हिंदी रीमेक है। ‘तड़प’ को साजिद नाडियाडवाला प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस फिल्म में अहान-तारा के अलावा सौरभ शुक्ला, कुमुद मिश्रा और सुमित गुलाटी भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी रजत अरोड़ा ने लिखी है, जिसमें म्यूजिक प्रीतम का है।

प्रतीक गांधी की बॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘रावण लीला’ 1 अक्टूबर को होगी रिलीज
पॉपुलर वेब सीरीज ‘स्कैम 1992’ के स्टार प्रतीक गांधी जल्द ही अपनी अपकमिंग फिल्म ‘रावण लीला’ (भावई) से बॉलीवुड में डेब्यू करने के लिए तैयार हैं। मंगलवार को प्रतीक गांधी ने ‘रावण लीला’ का फर्स्ट लुक पोस्टर सोशल मीडिया पर फैंस के साथ शेयर कर रिलीज डेट की अनाउंसमेंट भी कर दी है। पोस्टर के कैप्शन में प्रतीक ने लिखा, “मुखौटे पे मुखौटा.. राम के रावण की लीला। ‘रावण लीला’ (भावई) 1 अक्टूबर 2021 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर में प्रतीक अपनी लीडिंग लेडी ऐंद्रिता रे के साथ बांसुरी बजाने वाला पोज देते दिखाई दे रहे हैं। ऐंद्रिता का भी फीमेल लीड में हिंदी डेब्यू है। पोस्टर के बैकग्राउंड में प्रतीक को अट्टहास करते हुए रावण के गेटअप में भी दिखाया गया है। पोस्टर पर टाइटल के ऊपर देवनागरी में लिखा गया है, “राम में क्यों तूने रावण को देखा।” इस फिल्म की कहानी, स्क्रीनप्ले और निर्देशन हार्दिक गज्जर का है। फिल्म के बारे में अभी ज्यादा जानकारी का खुलासा नहीं किया गया है, मगर यह एक प्रेम कहानी है। फिल्म का निर्माण बैकबेंचर फिल्म्स के साथ धवल जयंतीलाल गाडा, अक्षय जयंतीलाल गाडा, पार्थ गज्जर और हार्दिक गज्जर ने किया है।

‘लूसिफर’ के तेलुगु रीमेक में चिरंजीवी के साथ नजर आएंगे सलमान खान
सलमान खान इन दिनों कटरीना कैफ के साथ अपनी अपकमिंग फिल्म ‘टाइगर-3’ की शूटिंग रूस में कर रहे हैं। कुछ दिनों पहले यह खबर सामने आई थी कि सलमान खान ने हिट मलयालम फिल्म ‘लूसिफर’ के तेलुगु रीमेक का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। अब खबर सामने आ रही है कि सलमान ने अपने दोस्त चिरंजीवी की इस फिल्म के लिए अब हामी भर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान ने फिल्म के लिए ना नहीं कहा है। वे इस फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म में चिरंजीवी और सलमान का एक लंबा और शानदार एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलेगा। सलमान फिल्म में एक बेहद महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। चिरंजीवी और सलमान को पहले कभी किसी फिल्म में साथ नहीं देखा गया। ऐसे में इस जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखना प्रशंसकों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं होगा। ‘लूसिफर’ के निर्देशक मोहन राजा हैं। जनवरी में फिल्म की शूटिंग शुरू हुई थी। यह इसी नाम से 2019 में बनी हिट मलयालम फिल्म का रीमेक है। एनवी प्रसाद और कोनिडेला प्रोडक्शंस के बैनर तले इस फिल्म का निर्माण किया जा रहा है। अभिनेता सत्यदेव भी इसमें एक खास भूमिका निभाने वाले हैं। पिछले साल 16 दिसंबर को मोहन राजा ने फिल्म का ऐलान किया था। ‘लूसिफर’ एक पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था।

संजय लीला भंसाली की म्यूजिक एल्बम ‘सुकून’ सितंबर के पहले सप्ताह में होगी रिलीज
फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली इन दिनों अपनी अपकमिंग वेब सीरीज ‘हीरा मंडी’ में बिजी हैं। अब खबर सामने आ रही है कि संजय लीला भंसाली जल्द ही अपना म्यूजिक एल्बम ‘सुकून’ रिलीज करने की तैयारी में हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भंसाली एक म्यूजिक एल्बम ‘सुकून’ के प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। अब यह म्यूजिक एल्बम बनकर रिलीज के लिए तैयार है। बताया जा रहा है कि भंसाली ने कोरोना काल में लगे लॉकडाउन के दौरान इस म्यूजिक एल्बम की परिकल्पना की थी। इस एल्बम के गाने को भंसाली ने खुद कंपोज किया है। म्यूजिक एल्बम ‘सुकून’ सितंबर के पहले सप्ताह में रिलीज हो सकती है। भंसाली की यह एल्बम म्यूजिक कंपनी सारेगामा पर रिलीज होगी। भंसाली ने इस प्रोजेक्ट को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “हाल ही में मैं अपनी फिल्मों के लिए संगीत तैयार कर रहा था। लेकिन यह मेरा पहला स्वतंत्र एल्बम है। मैं श्रोताओं की प्रतिक्रिया जानने के लिए उत्सुक हूं।” बताया जा रहा है कि यह जटिल कविता और भारी राग पर आधारित एल्बम नहीं है। इसके संगीत को हर वर्ग के लोगों के लिए बनाया गया है।

नीरज कोठारी की ‘ब्लैकआउट’ में दिखेंगे विक्रांत मैसी और नोरा फतेही
विक्रांत मैसी हाल ही में रिलीज हुई अपनी फिल्म ‘हसीन दिलरुबा’ और नोरा फतेही ‘भुज’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। अब खबर आ रही है कि विक्रांत और नोरा फिल्ममेकर नीरज कोठारी की अपकमिंग फिल्म ‘ब्लैकआउट’ में एक साथ नजर आने वाले हैं। खबरों की मानें तो विक्रांत ने ‘ब्लैकआउट’ साइन भी कर ली है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में विक्रांत के अपोजिट नोरा को कास्ट किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अपने मौजूदा प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के बाद अक्टूबर या नवंबर के आसपास विक्रांत और नोरा ‘ब्लैकआउट’ की शूटिंग शुरू करेंगे। यह एक थ्रिलर-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन देवांग भावसार करेंगे। इस फिल्म को सीधे OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा। नीरज और सरिता ए तंवर इस फिल्म का निर्माण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *