एक्टर टाइगर श्रॉफ इन दिनों अपनी अपकमिंग एक्शन फिल्म ‘गणपत’ की शूटिंग में बिजी हैं। अब हाल ही में इस फिल्म के मेकर्स ने रिलीड डेट की अनाउंसमेंट कर दी है। विकास बहल के निर्देशन में बन रही इस फिल्म के पहले पार्ट को क्रिसमस के मौके पर 23 दिसंबर 2022 को थिएटर्स में रिलीज किया जाएगा। टाइगर श्रॉफ ने भी फिल्म का एक वीडियो टीजर सोशल मीडिया पर शेयर कर रिलीज डेट की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, “उसकी हटेगी तो सबकी फटेगी, आरेला है ‘गणपत’, तैयार रहना। गणपत सिनेमाघरों में 23 दिसंबर 2022 को होगी रिलीज।” इस फिल्म में टाइगर के साथ कृति सेनन भी लीड रोल में हैं। पूजा एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म के प्रोड्यूसर जैकी भगनानी हैं। खास बात यह भी है कि मेकर्स ने पहले ही यह बता दिया है कि फिल्म दो पार्ट में बनी है। यानी 23 दिसंबर 2022 को ‘गणपत पार्ट-1’ रिलीज हो रही है। इस फिल्म का दूसरा पार्ट बाद में रिलीज किया जाएगा।
‘विक्रम वेधा’ के हिंदी रीमेक की शूटिंग के लिए अक्टूबर में सर्बिया जाएंगे ऋतिक और सैफ
ऋतिक रोशन और सैफ अली खान बीते कई दिनों से ‘विक्रम वेधा’ के हिंदी रीमेक को लेकर चर्चा में हैं। अब खबर सामने आ रही है कि सैफ और ऋतिक जल्द ही डायरेक्टर की जोड़ी पुष्कर-गायत्री के साथ ‘विक्रम वेधा’ के हिंदी रीमेक के प्रमुख हिस्सों की शूटिंग के लिए अक्टूबर में सर्बिया जा सकते हैं। यह भी बताया गया है कि सर्बिया के बाद ऋतिक और सैफ शूटिंग के लिए जॉर्जिया जा सकते हैं। इसके बाद में फिल्म को खत्म करने से पहले ड्रामेटिक सीन्स की शूटिंग के लिए भारत लौट सकते हैं। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि इस फिल्म को 30 सितंबर 2022 को रिलीज किया जाएगा।

सान्या मल्होत्रा का खुलासा-चित्राशी रावत के साथ ‘दंगल’ के लिए दिया था ऑडिशन
सान्या मल्होत्रा और वरुण शर्मा रविवार को ‘जी कॉमेडी शो’ में स्पेशल गेस्ट के रूप में नजर आएंगे। फराह खान इस शो को जज करती हैं। इस दौरान सान्या मल्होत्रा दंगल और आमिर खान के साथ शूटिंग के अपने अनुभव के बारे में कुछ किस्से शेयर करते नजर आएंगी। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि कैसे चित्राशी रावत ने एक बार उनके साथ ‘दंगल’ के लिए ऑडिशन दिया था। इस खुलासे ने सभी को चौंका दिया। सान्या ने उन घटनाओं का जिक्र भी किया, जो ऑडिशन के दौरान उनके बीच हुई थीं। सान्या मल्होत्रा ने बताया, “इस बात को ज्यादा लोग नहीं जानते, लेकिन चित्राशी और मैंने फिल्म दंगल के लिए साथ में ऑडिशन दिया था। हमने साथ में वर्कशॉप्स की थीं। ऑडिशन के समय हमने दंगल भी लड़ा था। असल में ऑडिशन प्रक्रिया में लगभग दो महीने लग गए और मैं ये कहूंगी कि हमने साथ मिलकर बढ़िया वक्त गुजारा था। आमिर खान के मिस्टर परफेक्शनिस्ट टैग को लेकर सान्या ने कहा, “जहां आमिर खान सेट पर परफेक्शन लाने में जुटे रहे, वहीं हमारे डायरेक्टर नितेश तिवारी भी मिस्टर परफेक्शनिस्ट कहलाने के हकदार हैं। वो हमारे लिए रियल बापू थे, जो हमें कुश्ती के लिए सुबह 5 बजे उठा देते थे। शूटिंग से पहले हमने 10 महीनों तक प्रशिक्षण लिया और जब हम तैयार हुए, तब कहीं जाकर हमने शूटिंग शुरू की थी।”

‘ब्लर’: तापसी पन्नू और अजय बहल को रियल लोकशनों पर शूट करने में नहीं हुई कोई परेशानी
तापसी पन्नू ने पिछले महीने अपना प्रोडक्शन हाउस ‘आउटराइडर्स फिल्म्स’ लॉन्च किया था। इसके बाद उन्होंने अपने प्रोडक्शन हाउस से पहली फिल्म ‘ब्लर’ की अनाउंसमेंट की थी। इस घोषणा के कुछ दिन बाद तापसी ने ‘ब्लर’ की शूटिंग के लिए नैनीताल का रुख किया था। अब हाल ही में ‘ब्लर’ के निर्देशक अजय बहल ने नैनीताल में शूट करने का अपना अनुभव साझा किया है। अजय बहल ने बताया, “नैनीताल शायद भारत में पर्यटकों से भरी सबसे खूबसूरत जगहों में से एक है। ‘ब्लर’ की स्क्रिप्ट में उस लैंडस्केप की जरूरत थी और हमने शूटिंग के लिए मॉल रोड और नैनीताल झील जैसे स्थान ढूंढे हैं। ये दोनों पर्यटक स्थल हैं। तापसी जैसी लोकप्रिय हस्ती के साथ वास्तविक स्थानों पर शूटिंग करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन हर कोई धैर्य रखे हुए था। स्थानीय लोगों ने भी शूटिंग खत्म होने तक सेल्फी लेने और ऑटोग्राफ लेने के लिए इंतजार किया। मैं इस शहर के लोगों को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने शूटिंग के लिए इसे इतना सुविधाजनक बना दिया।” ‘ब्लर’ की टीम लोकेशन पर ज्यादा भीड़ होने के कारण रात में शूटिंग करती थी। नैनीताल झील और मॉल रोड जैसे स्थानों पर शूटिंग सुंदर प्राकृतिक दृश्य का संकेत देती है, जो दर्शकों को फिल्म में देखने मिलेगी। फिल्म में तापसी के अलावा गुलशन देवैया भी लीड रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म को 2022 में रिलीज किया जाएगा।