एक्टर सलमान खान और उनके बहनोई आयुष शर्मा की अपकमिंग फिल्म ‘अंतिम: द फाइनल ट्रूथ’ के पहले गाने ‘विघ्नहर्ता’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। इस बात की जानकारी सलमान ने खुद सोशल मीडिया पर गाने का पहला टीजर वीडियो शेयर कर फैंस को दी है। उन्होंने टीजर के कैप्शन में लिखा, “बप्पा आ रहे हैं, ‘विघ्नहर्ता’ सॉन्ग 9 सितंबर (गुरुवार) को रिलीज होगा।” गाने के इस टीजर में सलमान एक सिख पुलिस वाले के रूप में दिखाई दे रहे हैं, जबकि आयुष गणपति चतुर्थी के गाने की धुन पर नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं। फेस्टिव सॉन्ग होने के कारण पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि यह गाना दर्शकों को काफी ज्यादा पसंद आएगा। इससे पहले मंगलवार को फिल्म का एक नया पोस्टर जारी किया गया था। अंतिम’ महेश मांजरेकर के निर्देशन में बनी है। ‘अंतिम’ 2018 में रिलीज हुई मराठी फिल्म ‘मुल्शी पैटर्न’ का हिंदी रीमेक है। फिल्म में सलमान और आयुष पहली बार बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आएंगे।
प्रियंका चोपड़ा की हॉलीवुड फिल्म ‘मैट्रिक्स 4’ का ट्रेलर आज होगा रिलीज
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी अपकमिंग हॉलीवुड फिल्म ‘मैट्रिक्स 4’ की रिलीज डेट की अनाउंसमेंट पहले ही कर दी थी। मेकर्स अब इस फिल्म का ट्रेलर 9 सितंबर को रिलीज करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस बात की जानकारी प्रियंका ने वीडियो टीजर शेयर कर दी है। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “गोली लेने का सही समय आ गया है। अमेरिकी समय के अनुसार फिल्म का ट्रेलर गुरुवार सुबह 6 बजे रिलीज किया जाएगा।” प्रियंका ने आगे लिखा है, “चुनना आपको है।” इस फिल्म में प्रियंका के अलावा कीनू रीव्स, जैडा पिंकेट स्मिथ, जोनाथन ग्रॉफ, क्रिस्टीना रिक्की और जेसिका यू ली हेनविक भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
अर्जुन कपूर ने 2.43 करोड़ रुपए में खरीदी मेबैक GLS600 एसयूवी कार
एक्टर अर्जुन कपूर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भूत पुलिस’ को लेकर चर्चा में हैं। अब हाल ही में अर्जुन कपूर एक महंगी कार खरीदने को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। दरअसल, अर्जुन ने मेबैक GLS600 एसयूवी खरीदी है, जिसकी फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। उनकी इस लग्जरी मेबैक GLS600 एसयूवी कार की कीमत 2.43 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस कार में वह सभी आधुनिक सुविधाएं और फीचर्स हैं, जो इस कीमत की कार में मिलनी चाहिए। कार की रोड प्रेजेंस शानदार है और अर्जुन की एसयूवी नीले रंग की है। अर्जुन ने अपनी कार का नंबर 02911 रखा है, जो उनके पिता बोनी कपूर के बर्थ-डे 29 दिसंबर और बहन अंशुला के बर्थ-डे 11 नवंबर की तारीखें हैं। वैसे यह पहली ऐसी महंगी कार नहीं है, जो अर्जुन कपूर ने खरीदी हो। अर्जुन के पास पहले इस कार के अलावा लैंड रोवर, मासेराती लेवांटे, ऑडी क्यू-5 और होंडा सीआरवी जैसी महंगी कारें पहले से हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो अर्जुन की ‘भूत पुलिस’ 10 सितंबर 2021 को रिलीज हो रही है। इस फिल्म में अर्जुन के साथ सैफ अली खान, जैकलीन फर्नांडिस और यामी गौतम भी लीड रोल में नजर आएंगे।

ताहिरा कश्यप की ‘शर्माजी की बेटी’ में दिव्या दत्ता ने माधुरी दीक्षित को किया रिप्लेस
माधुरी दीक्षित को एक साल पहले डायरेक्टर ताहिरा कश्यप की फिल्म ‘शर्माजी की बेटी’ में मुख्य भूमिका के लिए कास्ट किया गया था। लेकिन, अब खबर आ रही है कि इस फिल्म में माधुरी दीक्षित को दिव्या दत्ता ने रिप्लेस कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, माधुरी और मेकर्स के बीच कुछ क्रिएटिव मतभेद हो गए थे। जिसके बाद माधुरी ने इस फिल्म को करने से मना कर दिया है। माधुरी के मना करने के बाद मेकर्स ने फिल्म के लिए दिव्या दत्ता को कास्ट कर लिया है। माधुरी फिल्म में जो किरदार निभाने वाली थीं, अब वो दिव्या दत्ता प्ले करते नजर आएंगी। ताहिरा कश्यप इस फिल्म से अपना डायरेक्टोरियल डेब्यू भी कर रही हैं। ‘शर्माजी की बेटी’ की कहानी की बात करें, तो फिल्म एक मॉडर्न इंडियन महिला के अनुभव की कहानी है। इस फिल्म में दिव्या दत्ता के अलावा साक्षी तंवर और सयामी खेर भी नजर आएंगी। ये एक मजेदार कहानी होगी, जिसमें तीनों ही महिलाओं का सरनेम शर्मा ही होगा। समीर नायर, तनुज गर्ग और अतुल कसबेकर इस फिल्म को प्रोड्यूस कर रहे हैं।

मुदस्सर अजीज की अपकमिंग फिल्म में नजर आएंगे अक्षय कुमार ?
अक्षय कुमार और सोनाक्षी सिन्हा की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आती है। असल जिंदगी में भी दोनों की काफी अच्छी दोस्ती है। अब इस जोड़ी के फैंस के लिए एक खुशखबरी है। दरअसल, अक्षय और सोनाक्षी एक बार फिर पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। खबर सामने आ रहा है कि दोनों ने निर्देशक मुदस्सर अजीज की अपकमिंग फिल्म साइन कर ली है। रिपोर्ट के मुताबिक, अक्षय ने निर्देशक मुदस्सर अजीज की अगली फिल्म साइन कर ली है। मुदस्सर अजीज इन दिनों काफी व्यस्त हैं। वह कई फिल्मों पर काम कर रहे हैं। इनमें से एक फिल्म उन्होंने फाइनल कर ली है। इस फिल्म का नाम उन्होंने ‘2 एक्स.एल’ रखा है। फिल्म के लिए उन्होंने अक्षय कुमार और सोनाक्षी सिन्हा को साइन किया है। इस फिल्म का निर्माण अश्विन वर्दे करेंगे। अगले साल मार्च में फिल्म की शूटिंग शुरू होगी। फिल्म ‘2 एक्स.एल’ में अक्षय एक जुदा अवतार में नजर आएंगे। उनका यह अवतार पहले कभी दर्शकों ने नहीं देखा होगा। अक्षय प्रोस्थेटिक मेकअप की मदद से एक मोटे व्यक्ति के रूप में नजर आएंगे और फैंस को बड़ा सरप्राइज देंगे। फिल्म में अक्षय का किरदार वैसा ही होगा, जैसा ‘बधाई हो बधाई’ में अनिल कपूर का था।