नई दिल्ली
ब्राजील के रिसर्चर्स का कहना है कि सांप के जहर से कोरोना वायरस को खत्म किया जा सकता है। जहर में मौजूद एक मॉलेक्यूल ने बंदर के सेल में कोरोना वायरस को बढ़ने से काफी हद तक रोक दिया। अब इंसानों पर भी इसकी जांच करने को लेकर विचार किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, ब्राजीलियन वाइपर सांप से निर्मित एक अणु ने बंदर की कोशिकाओं में वायरस की क्षमता को 75% तक रोक दिया। यह पाया गया कि सांप के जहर का एक हिस्सा वायरस के खास प्रोटीन को रोक सकता है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
ED के सामने पेश नहीं हुईं रुजिरा बनर्जी
तृणमूल कांग्रेस महासचिव और बंगाल सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी आज प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश नहीं हुईं। उन्होंने ED को भेजे संदेश में कहा कि कोरोना काल में अपने बच्चों के साथ अकेले उनका दिल्ली आना सेफ नहीं है। उन्होंने मांग रखी कि कोलकाता में उनके आवास पर ही पूछताछ कर ली जाए। कोयला तस्करी से जुड़े मामले में ED ने अभिषेक बनर्जी और रुजिरा को समन भेजा था।
GST रेवेन्यू कलेक्शन का डेटा जारी
गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) रेवेन्यू कलेक्शन के मोर्चे पर अच्छी खबर आई है। अगस्त में सरकार को GST के तौर पर 1,12,020 करोड़ रुपए का रेवेन्यू हासिल हुआ है। जुलाई में यह आंकड़ा 1.16 लाख करोड़ रुपए था।इसमें सालाना आधार पर 30% की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल इसी महीने 86,449 करोड़ रुपए का GST कलेक्शन हुआ था। जून में 1 लाख करोड़ से नीचे आ गया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…
वायु प्रदूषण से करीब उम्र 9 साल तक घटने का खतरा

अमेरिकी स्टडी में दावा किया गया है कि वायु प्रदूषण से करीब 40% भारतीयों की लाइफ एक्सपेक्टेंसी 9 साल तक कम हो सकती है। शिकागो यूनिवर्सिटी के एनर्जी पॉलिसी इंस्टीट्यूट ने यह रिपोर्ट तैयार की है। इसमें कहा गया है कि नई दिल्ली सहित मध्य, पूर्वी और उत्तरी भारत में रहने वाले 48 करोड़ से अधिक लोग हाई लेवल का प्रदूषण झेल रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में समय के साथ वायु प्रदूषण बढ़ता ही गया। मिसाल के तौर पर महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में हवा की गुणवत्ता काफी खराब हो गई है।
जेल में बंद सचिन वझे की होगी ओपन हार्ट सर्जरी
बर्खास्त असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर सचिन वझे की जल्द एंजियोप्लास्टी या ओपन हार्ट सर्जरी होगी। वह एंटीलिया विस्फोटक बरामदगी केस, मनसुख हिरेन की हत्या और 100 करोड़ की वसूली केस में मुंबई की तलोजा जेल में बंद थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को उन्हें काल्हेर स्थित SS मल्टी स्पेशिलिटी अस्पताल में एडमिट किया गया है। उनकी सर्जरी की तारीख पर आज डॉक्टर्स को अंतिम फैसला लेना है।
एक्ट्रेस पायल रोहतगी के खिलाफ FIR दर्ज
एक्ट्रेस पायल रोहतगी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान को लेकर पुणे में केस दर्ज हुआ है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो में उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। उनके खिलाफ धारा 153 (a), 500, 505 (2) और 34 के तहत मामला दर्ज हुआ। पुलिस ने वीडियो बनाने को लेकर रोहतगी के साथ ही एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की है।