नई दिल्ली
क्रूड की कीमतों में एक बार फिर से तेजी का दौर जारी है। ब्रेंट क्रूड का भाव 86 डॉलर प्रति बैरल को पार गया है। ब्रेंट का ये भाव बीते 3 सालों की ऊंचाई पर पहुंच चुका है। एक रिपोर्ट में संभावना जताई गई है कि इसी रफ्तार से कीमतों में तेजी जारी रही तो ब्रेंट क्रूड का भाव 100 डॉलर को पार कर सकता है।
2023 तक 100 डॉलर के पार होगा
कच्चे तेल का भाव 86 डॉलर के ऊपर निकल चुका है। इस संबंध में जारी एक रिपोर्ट की मानें तो जनवरी में यह लगातार दूसरी बार है जब ब्रेंट 86 डॉलर के ऊपर खुला है। डब्ल्यूटीआई क्रूड ऑयल का भाव भी 84 डॉलर के करीब कारोबार कर रहा है। गौरतलब है कि डब्ल्यूटीआई 14 और 16 जनवरी 2022 को 84 डॉलर के ऊपर निकला है। इसके अलावा लगातार दूसरी बार एमसीएक्स पर क्रूड का भाव 6200 के ऊपर निकला है। इस बीच रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2023 तक क्रूड की कीमतें 100 डॉलर या ऊपर जाने का अनुमान है।
ब्रेंट क्रूड के दामों में तेजी का कारण
ब्रेंट क्रूड के दामों में आ रही तेजी के कारणों की अगर बात करें तो बाजार से ओमिक्रॉन का डर कम हुआ है, ऐसे में मांग बढ़ी है लेकिन उत्पादन कम रहने का अनुमान है। मांग के मुताबिक ओपेक+ देश उत्पादन नहीं कर रहे हैं। वहीं रूस-यूक्रेन संकट का भी कीमतों पर असर है। यूएस का कहना है कि यूक्रेन सीमा पर रूस ने 1 लाख सैनिक उतारे हैं। यूएस में क्रूड इंवेंटरी गिरने से भी कीमतों में उछाल आना संभव है।