Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

भाजपा का स्थापना दिवस:  BJP की शोभायात्रा से वसुंधरा समर्थकों ने बनाई दूरी

राजस्थान भाजपा में एक फिर गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। पार्टी के स्थापना दिवस पर जयपुर में निकाली गई शोभायात्रा से पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और उनके समर्थकों ने दूरी बना ली। प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुए पार्टी स्थापना दिवस कार्यक्रम में वसुंधरा समर्थक पूर्व मंत्री कालीचरण सर्राफ नदारद रहे। वसुंधरा समर्थकों की जयपुर टीम नदारद दिखाई दी। हालांकि, पूर्व सीएम वसुधरा राजे ने ट्वीट कर पीएम मोदी को बधाई दी है। वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर लिखा- पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा के सभी पदाधिकारियों को आत्मीय बधाई देती हूं। जिनकी उत्कृष्ट विचारधारा, सुशासन व नीति से प्रभावित होकर आज देश का हर वर्ग पार्टी के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। 

आज भाजपा के स्थापना दिवस समारोह के मौके पर प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर बीजेपी ने शोभा यात्रा निकाली गई। जयपुर में पार्टी मुख्यालय से निकाली गई यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि 2023 में राजस्थान में भाजपा सरकार बनाएगी। कांग्रेस के शासन से जनता तंग आ चुकी है। प्रदेश में कांग्रेस का शासन नहीं कुशासन है। जनता गहलोत सरकार से मुक्ति चाहती है।