अनूपगढ
अनूपगढ़ में भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में बुधवार रात को भूकम्प के झटके महसूस किए गए। रात्रि 9 बजकर 58 मिनट पर महसूस किए गए झटकों के साथ एक तेज धमाके की आवाज भी सुनाई दी गई। इसके बाद लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
वार्ड नम्बर 25 निवासी भामाशाह मोहित छाबड़ा , वार्ड नं 14 के पार्षद सन्नी धायल और आदर्श कॉलोनी निवासी नरेश छींपा ने बताया कि रात 9 बजकर 58 मिनट पर घरों के दरवाजे खिडकियां हिलते महसूस किए गए। वहीं एक तेज धमाका भी सुनाई दिया जो आम तौर पर भूकंप आने पर नहीं सुनाई देता। झटकों को लेकर कई सोशल मीडिया ग्रुप में अलग-अलग चर्चाएं चली। लोगों ने अपने-अपने टीवी सैट शुरू कर समाचार सुने लेकिन समाचार चैनल पर केवल भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में भूकंप के समाचार चल रहे थे।
लोगों ने दूर दराज रहने वाले अपने रिश्तेदारों से भूकंप के बारे में जानकारी ली लेकिन सीमावर्ती क्षेत्र के अलावा कहीं भी भूकंप के समाचार नहीं मिले हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यह धमाका किसी सैन्य गतिविधि का हो सकता है, लेकिन इसके संबंध में भी कोई पुष्टि नहीं है।