बीकानेर
बीकानेर में सत्तासर गांव के पास एक बड़ा हादसा गुरुवार दोपहर टल गया। यहां एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार दर्जनभर सवारियों के चोट आई लेकिन किसी को बहुत गंभीर चोट नहीं आई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। जिसमें बस मालिक और एक नर्सिंग कर्मी के चोट आई है।
सत्तासर से खाजूवाला के बीच चलने वाली इस बस में बस मालिक इमामुदीन और सुनीता नामक नर्सिंगकर्मी सहित बड़ी संख्या में सवारियां थी। सत्तासर से आगे एक मोड़ पर ढलान में बालू रेत के कारण बस पटल गई। एक बार पलटकर बस वापस खड़ी नहीं हो सकी। ऐसे में बस में ही सवार बस मालिक इमामुदीन और नर्सिंगकर्मी सुनीता के चोट आई। इन दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं कुछ सवारियों के मामूली चोट आई है। जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है।
सत्तासर से 8 किमी. पहले हुए इस हादसे में बस में सवार किसी भी यात्री के बहुत ज्यादा चोट नहीं आई। दरअसल, बस ज्यादा स्पीड में नहीं थी, बल्कि अनियंत्रित होने के कारण पलट गई। घटना की जानकारी मिलने के साा ही छत्तरगढ़ थानाधिकारी जयकुमार भादू मौके पर पहुंच गए। बस में फंसी सवारियों को पहले ही बाहर निकाला जा चुका था। पूगल एसडीएम सीता शर्मा व छत्तरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंच गई, जबकि खाजूवाला के नव पदस्थापित सीओ विनोद बरोड़ भी मौके पर पहुंचे।