नई दिल्ली
दुनिया के 57 देशों में ओमीक्रोन का उप स्वरूप (सब-वेरिएंट) बीए.2 फैल चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह जानकारी देते हुए कहा कि दुनियाभर की सरकारों को संक्रमण के मामले में कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए। सभी देशों को पाबंदियां हटाने से पहले इस पर गौर करना चाहिए कि यह वायरस निरंतर फैल रहा है और रूप भी बदल रहा है इसलिए हमें इसकी चपेट में आने से बचने के उपाय लगातार करते रहना है।
ओमीक्रोन से ज्यादा संक्रामक नहीं बीए.2
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ओमीक्रोन को लेकर चेतावनी जाहिर करने के साथ ही एक राहत की खबर भी दी है कि इस सब-वेरिएंट के बहुत अधिक संक्रामक होने के प्रमाण नहीं हैं। आरंभिक रिपोर्टों में कहा गया था कि ओमीक्रोन के मुकाबले बीए.2 तीव्र संक्रामक है। डब्लूएचओ की कोविड-19 संबंधी तकनीक टीम की प्रमुख मारिया वैन करखोव ने मंगलवार को कहा कि हमें आरंभिक संकेतों से पता चला है कि बीए.2 सब-वेरिएंट, मूल ओमीक्रोन स्वरूप बीए.1 की तुलना में मामूली ज्यादा संक्रामक है। वर्तमान में बीए.1 स्वरूप पूरी दुनिया में लोगों को संक्रमित कर रहा है। डब्लयूएचओ की वैज्ञानिक ने कहा कि इस बात के भी कोई संकेत नहीं मिले हैं कि बीए.2 उप स्वरूप मूल ओमीक्रोन वेरिएंट से गंभीरता के मामले में किसी तरह अलग है।