Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मंत्री पुत्र पर रेप केस, पीड़िता पर हुआ हमला:बोली- चेहरे पर कुछ फेंका, धमकी दी- ये तो ट्रेलर है, बुरा हाल करेंगे

जयपुर। जलदाय मंत्री महेश जोशी के बेटे रोहित जोशी पर रेप का आरोप लगाने वाली युवती पर दिल्ली में हमले की कोशिश हुई है। शनिवार रात करीब 9:30 बजे दिल्ली के ओखला में पीड़िता के चेहरे पर कुछ फेंका गया। पीड़िता इसके बाद एम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती हो गई। जहां देर रात तक उसका इलाज जारी था। पीड़िता का कहना है- उसका चेहरा जल रहा है और खराब हो गया है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई कि चेहरे पर किस तरह का रसायन फेंका गया है।
पीड़िता ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे कुछ बदमाश आए और उसके चेहरे पर कुछ फेंककर चले गए। जाते-जाते बदमाशों ने धमकी दी कि रोहित के खिलाफ दर्ज केस अगर उसने वापस नहीं लिया तो इससे भी बुरा हाल करेंगे। यह तो सिर्फ एक ट्रेलर है। इस घटना के समय पीड़िता यह तक नहीं देख पाई कि बदमाश कैसे आए थे? हमले के बाद स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई।
बता दें कि जयपुर निवासी युवती ने दिल्ली के थाने में रोहित के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का केस दर्ज करा रखा है। इस मामले की जांच चल रही है। वहीं, रोहित को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने इस मामले में अग्रिम जमानत भी दे रखी है। इससे पहले शुक्रवार को रोहित से दिल्ली पुलिस ने 6 घंटे तक पूछताछ भी की थी। इसके बाद शनिवार को उसका मोबाइल जब्त कर लिया गया।
दोबारा थाने में पेश हुए रोहित
रोहित जोशी शनिवार को दोबारा थाने पहुंचा। रोहित को दिल्ली के हिंदू राव अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। रोहित के वकील दीपक चौहान ने कहा कि पुलिस ने जांच के लिए पूर्व के मोबाइल की मांग की थी। मोबाइल पुलिस को सौंप दिया गया है। रोहित दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के सदर बाजार थाने में मामले के जांच अधिकारी (आईओ) के सामने पेश हुआ।
पूछताछ शाम करीब साढ़े चार बजे तक चली। रोहित जोशी अदालत के निदेर्शों के अनुसार जांच में सहयोग कर रहे हैं। शाम को पीड़िता के परिजनों का मीडियाकर्मियों के पास कॉल आना शुरू हो गए, जिसमें बताया जा रहा है कि युवती पर किसी ने ज्वलनशील पदार्थ डाल दिया है। इससे वह एम्स में भर्ती है।
रोहित को कल फिर थाने में होना है पेश
रेप केस के आरोपी रोहित जोशी को कल फिर से आईओ के सामने पेश होना है। रोहित से अभी कई सवालों के जवाब आईओ को लेने हैं। साथी ही युवती के साथ हुई कथित रूप से इस घटना को लेकर भी सवाल जवाब रोहित के साथ किए जाने वाले हैं।