सीमा सन्देश न्यूज
श्रीगंगानगर। मन्दिर के लिए दान दी गई जगह पर मौहल्लावासियों ने चंदा एकत्र कर मन्दिर का निर्माण करवा दिया। इसके आलवा अन्य भामाशाह से भी मन्दिर निर्माण के लिए सहयोग लिया। अब मन्दिर के लिए भूमि दान देने वाली महिला ने इस पर आपत्ति जताते हुए मन्दिर को बन्द करने के लिए चारदिवारी करवा दी। जिसका मौहल्ले वासियों ने विरोध किया और मन्दिर को पूर्व की भांति करने की मांग को लेकर धरना लगा दिया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष और पार्षद कमला बिश्नोई की अगुवाई में बड़ी संख्या में मौहल्ले की महिलाओं ने इस मन्दिर के बाहर अनूठा विरोध प्रदर्शन करते हुए यहां भजन कीर्तन किया। कुछ देर बाद मौहल्लावासियों ने मन्दिर में पहले की तरह हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर दी। वहीं मन्दिर के भूमि दान करने वाली महिला ने पुलिस के आलाधिकारियों को यहां की गई चारदिवारी तोड़ने की शिकायत की। इस पर सीओ शहर ने पुलिस अधिकारियों के साथ मौका मुआयना किया। निरीक्षण के बाद पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समझाईश की साथ ही इस मामले को आपस में बातचीत कर निपटारा करने के लिए एक दो दिन का समय दिया। जानकारी अनुसार एक दिन पूर्व भी यहां विवाद हुआ था। जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मौका निरीक्षण के बाद यथा स्थिति बनाने के निर्देश दिए थे।