मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष मजबूत करने का आह्वान
by seemasandesh
पल्लेदार मजदूर यूनियन का सम्मेलन सम्पन्न, रणजीत सिंह चुने गए अध्यक्ष हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मां जगदम्बा पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) का चौथा सम्मेलन सोमवार को मंटू मंडल, कपिल देव की अध्यक्षता में टाउन स्थित जनशक्ति भवन में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन की शुरुआत में जनवादी आंदोलनों में शहीद हुए मजदूर-किसानों व देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य उपाध्यक्ष आत्मासिंह ने कहा कि यह सम्मेलन बहुत ही कठिन दौर में हो रहा है। केन्द्र की मोदी नित भाजपा सरकार मजदूरों को चंद पूंजीपतियों का गुलाम बनाना चाहती है। लगातार मजदूरों पर हमले कर रही है। मजदूरों की कुर्बानियों से बने हुए 44 श्रम कानूनों को बदलकर 4 कोड में बदल दिया है। इसके खिलाफ सीटू के बैनर तले मजदूर लगातार संघर्षरत है। सीटू के जिला सचिव शेरसिंह शाक्य ने कहा कि केन्द्र सरकार लगातार मजदूरों पर हमले कर रही है। उन्होंने सभी से एकजुट होकर केन्द्र सरकार की नीतियों के विरोध में संघर्ष को मजबूत करने व मजदूरों को संगठित करने का आह्वान किया। इस दौरान जिला सचिव की ओर से पूर्व में हुए सम्मेलन से लेकर अब तक के हिसाब-किताब की रिपोर्ट पेश की गई जिसे सर्वसम्मति से पास किया गया। इसके बाद 5 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से अध्यक्ष रणजीत सिंह, कोषाध्यक्ष पंकज झा, सचिव सुमोध कुमार, उपाध्यक्ष मंटू मंडल व कमेटी सदस्य घनश्याम मण्डल को चुना गया। सम्मेलन में बहादुर सिंह चौहान, सीटू जिला संरक्षक मलकीत सिंह सेंट्रल वेयर हाउस अध्यक्ष अमित कुमार, अनाज मंडी अध्यक्ष वलीशेर, भवन मैटेरियल लोड-अनलोड मजदूर यूनियन अध्यक्ष गुरनायब सिंह, राजस्थान सीड्स कॉरपोरेशन अध्यक्ष कॉमरेड बसंत सिंह, अनाज मंडी जिलाध्यक्ष मुकद्दर अली आदि मौजूद रहे।