Saturday, May 9निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मन्नत पूरी हुई तो चांदी की बाइक चढ़ाई:बाइक चोरी होने पर क्लेम नहीं मिला तो MP के किसान ने मांगी थी मन्नत, सांवलिया सेठ के लिए अहमदाबाद से बनाई यह स्पेशल बाइक

चित्तौड़गढ़

जिले के मंडफिया स्थित श्री सांवलियाजी मंदिर में एक भक्त ने चांदी की बाइक चढ़ाई है। युवक ने अपनी बाइक के क्लेम मिल जाने की खुशी में भगवान को यह चांदी की बाइक चढ़ाई है। बाइक सांवलिया सेठ के लिए खास तौर पर अहमदाबाद में बनवाई थी। मंदसौर से आए भक्त का परिवार सोमवार को चांदी की बाइक लेकर पहुंचा और मंदिर ट्रस्ट को भेंट कर दी। इस पर करीब 74 ग्राम चांदी लगी है। इसकी कीमत करीब 13 हजार रुपए से ज्यादा की बताई जा रही है। दरअसल भक्त की बाइक चोरी हो गई थी। बीमा कंपनी से उसका क्लेम पास नहीं हो रहा था। कंपनी के अफसर उसे टरका रहे थे। इसके बाद वह सांवलिया सेठ मंदिर आया और क्लेम पास होने की मन्नत मांगी। क्लेम पास होने के बाद वह चांदी की बाइक लेकर मंदिर पहुंचा।

मंदिर कार्मिक चतर सिंह ने बताया कि बाबुखेड़ा मंदसौर एमपी के रहने वाले किसान लालाराम की कुछ महीने पहले बाइक चोरी हो गई थी। किसान ने कंपनी से इंश्योरेंस क्लेम किया था, लेकिन इसे होने में बार-बार अड़चनें आ रही थी। उसने क्लेम पास के लिए सांवलिया सेठ में मन्नत मांगी। जैसे ही किसान का काम बना, सोमवार को वह अपने परिवार के साथ चांदी की बाइक लेकर मंदिर पहुंचा। किसान ने सांवलिया सेठ को चांदी की बाइक चढ़ाई।

बाइक में जल सकती है हेड लाइट।

बाइक में जल सकती है हेड लाइट।

भगवान के लिए अहमदाबाद से बनाई यह स्पेशल बाइक
चांदी की बाइक के बारे में लालाराम ने बताया कि जितना चांदी का पैसा नहीं लगा, उससे कई ज्यादा कारीगरी का पैसा इसे बनाने में लगा। बाइक में एक बेट्री भी लगी है, जिससे हेड लाइट जल सकती है। इस स्पेशल बाइक को अहमदाबाद से बनवाया है।

क्लेम के लिए चार महीने भटकता रहा काम नहीं बना तो पहुंचा सांवलिया सेठ
सांवलिया सेठ में बाइक भेंट करने वाला किसान है। बताया कि उसकी बाइक चोरी होने के बाद उसे इंश्योरेंस कंपनी वाले चार महीने तक टालते रहे। वह चक्कर काटते हुए परेशान हो गया था। इसके बाद उसने सांवलिया सेठ से क्लेम पास की मन्नत मांगी। 2 महीने पहले ही उसकी बाइक का क्लेम पास हो गया, जिसके बाद वह चांदी की बाइक लेकर यहां पहुंचा।

चढ़ावे में आए थे 6 करोड़
प्रसिद्ध कृष्ण धाम सांवलियाजी मंदिर में दो दिन पहले ही अमावस्या के दिन भी चढ़ावे की गणना की गई। इसमें कुल 6 करोड़ 48 लाख 11 हजार 500 रुपए प्राप्त हुए। इसके अलावा भक्तों ने एक करोड़ 49 लाख 65 हजार 778 रुपए चढ़ावा तो ऑनलाइन ही भेज दिया। इसके अलावा भक्तों ने श्रीसांवरा सेठ मंदिर में सोने के गहने भी भेंट किए। भंडार में लोगों ने 83 ग्राम सोना व 2 किलो 730 ग्राम चांदी भी चढ़ावे में भेंट की। कार्यालय में 21 ग्राम 960 मिलीग्राम सोना, 7 किलो 119 ग्राम चांदी प्राप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *