अलवर
18 मई को अलवर के मुंडावर में 20 वर्षीय युवक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस मामले में एक वीडियो सामने आया है। जिसे लेकर परिवार बुधवार देर रात पुलिस में मामला दर्ज करवाने पहुंचा। वीडियाे में युवक ने प्रेमिका के भाई और एक अन्य युवक द्वारा परेशान किए जाने की बात की है। जो सुसाइड से पहले का है।
युवक का नाम जयप्रकाश है। वीडियो में युवक बोल रहा है कि मैं जिस लड़की से प्यार करता था, उसने शादी के लिए मना कर दिया। उसने कहा था कि मैं खुद हमारे बारे में परिवार को बताऊंगी। मैं बोलता था कि जल्दी बता दो। उसने कहा अभी मेरे पास काफी समय है। उसके मना करने के बाद मुझे राहुल और बाबू परेशान कर रहे हैं। राहुल उसका भाई है। वे ही मेरी मौत का कारण है। मैं इसीलिए मर रहा हूं। वो मुझे रोज धमका रहे हैं। कहते हैं कि तेरे परिवार की इज्जत को उड़ाएंगे। राहुल ने अपनी बहन की फीलिंग को नहीं जाना। एक बार उससे तो पूछ लेता।
बहन को उठाने की दी धमकी
जयप्रकाश वीडियो में कह रहा है कि राहुल मुझे कह रहा है कि तेरी बहन को उठवा दूंगा। उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दूंगा। वे कल से मेरी बहन को गाली दे रहे हैं। मुझसे और सुना नहीं जा रहा। मैं खुदकुशी करने जा रहा हूं। वो चाहती है, मैं उसको भूल जाऊं, लेकिन मैं नहीं भुला सकता। सॉरी, मैं अपना वादा नहीं निभा पाया। मैं बीच राह में तुझको छोड़कर जा रहा हूं।
मम्मी-पापा सॉरी। मैं आपका अच्छा बेटा नहीं बन पाया। मुझे सोए बहुत दिन हो गए। अब सोना चाहता हूं। मेरी मौत के लिए बाबू और राहुल जिम्मेदार हैं। मेरे परिवार की इज्जत ही मेरा गुरुर है। मैं नहीं चाहता मेरी वजह से मेरे परिवार की इज्जत खराब हो। मैं चाहता तो भाग कर भी शादी कर सकता था, लेकिन मेरे व उसके परिवार की इज्जत की मैंने परवाह की। राहुल ने अपनी बहन की इज्जत की परवाह नहीं की। अलविदा सबको।
पिता ने दर्ज करवाया मामला
पिता ने बताया कि तीन बेटे-बेटी बहरोड़ पढ़ने जाते थे। पिछले कई दिनों से मेरे बेटे को राहुल व बाबू नाम के दो युवक लगातार धमकी दे रहे थे। कहते थे कि उसकी बहन को उठा ले जाएंगे। इसके बाद बेटे जयप्रकाश ने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। हम एसपी से मिले हैं। अब भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए हैं। जिसके कारण ग्रामीणों में भी रोष है।