सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख की याचिका खारिज कर दी है। देशमुख ने CBI की तरफ से भ्रष्टाचार मामले में उन पर दर्ज की गई FIR खारिज करने की मांग की थी। इधर, मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच करने वाली केंद्रीय जांच एजेंसी यानी प्रवर्तन निदेशालय के सामने 5वीं बार महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख पेश नहीं हुए। हालांकि, पिछली चार बार की तरह ही देशमुख की जगह उनके वकील इंद्रपाल सिंह ED ऑफिस पहुंचे और सुप्रीम कोर्ट में याचिका लंबित होने का हवाला देते हुए और वक्त मांगा। सिंह ने कहा कि हम ED का पूरा सहयोग कर रहे हैं। इससे पहले सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने देशमुख को बड़ा झटका देते हुए ED की जांच पर रोक लगाने से मना कर दिया था, जिसके बाद देशमुख की ओर से एक पुनर्विचार याचिका दायर की गई है।
कैबिनेट ने पॉम ऑयल मिशन को मंजूरी दी
कैबिनेट से पाम ऑयल मिशन को मंजूरी मिल गई है। यह 11040 करोड़ रुपए का मिशन है। इससे पाम ऑयल इंपोर्ट पर निर्भरता कम होगी और किसानों की आय बढ़ेगी। पाम ऑयल से जुड़ी इंडस्ट्री लगाने पर 5 करोड़ रुपए की सरकारी सहायता का एलान हुआ है।
सुप्रीम कोर्ट ने लड़कियों को NDA परीक्षा में बैठने की इजाजत दी
सुप्रीम कोर्ट ने लड़कियों को नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) की परीक्षा में बैठने की इजाजत दे दी है। यह आदेश इसी साल 5 सितंबर को होने वाली NDA की परीक्षा से लागू होगा। हालांकि, एडमिशन कोर्ट के अंतिम आदेश के तहत होंगे। सुनवाई के दौरान सेना ने कहा कि NDA परीक्षा में लड़कियों को शामिल न करना पॉलिसी डिसिजन है। इस पर अदालत ने कहा कि अगर यह पॉलिसी डिसिजन है तो यह भेदभाव से पूर्ण है।
नकली कोवीशील्ड को लेकर WHO ने एडवाइजरी जारी
वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) ने भारत और युगांडा में कोवीशील्ड की फर्जी शीशियों को लेकर एडवाइजरी जारी की है। इसमें वैक्सीन की 2ml और 5ml की फर्जी शीशियों को लेकर सावधान रहने के लिए कहा गया है। सीरम ने भी साफ किया है कि वह 2ml में वैक्सीन प्रोड्यूस नहीं करता है। युगांडा में नकली कोवीशील्ड की 5ml शीशी मिली है, उससे 10 डोज लगा सकते हैं। वहीं, भारत में 2ml की फर्जी कोवीशील्ड पकड़ी गई, जिसमें 4 डोज की सुविधा है।
गुरमीत राम रहीम सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं
डेरा सच्चा सौदा सिरसा के चीफ गुरमीत राम रहीम सिंह की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं। इस वक्त रोहतक की जिला जेल में बंद राम रहीम को 24 अगस्त को CBI की पंचकूला की विशेष अदालत में पेश होना होगा। दरअसल, बुधवार को अदालत में डेरे के पूर्व प्रबंधक रणजीत सिंह की हत्या के मामले पर सुनवाई हुई। इसके बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा है और राम रहीम को व्यक्तिगत तौर पर कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है। हालांकि, सुरक्षा कारणों से उन्हें बाहर नहीं ले जाया जाता। माना जा रहा है कि 24 अगस्त को इस मामले में फैसले के बाद राम रहीम की सजा और बढ़ाई जा सकती है।
राज कुंद्रा की गिरफ्तारी पर 25 अगस्त तक रोक
बिजनेसमैन राज कुंद्रा को बॉम्बे हाईकोर्ट ने अंतरिम राहत देते हुए साल 2020 में साइबर पुलिस सेल द्वारा दर्ज एक मामले में 25 अगस्त तक गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। हालांकि, वे अश्लील फिल्मों के निर्माण और उसे प्रसारित करने के एक अन्य आरोप में 19 जुलाई को गिरफ्तार हुए थे और फिलहाल जेल में बंद हैं। उनकी जमानत याचिका पर बॉम्बे हाईकोर्ट में 20 अगस्त को सुनवाई होनी है। इसलिए आज की राहत से उनकी स्थिति में ज्यादा बदलाव नहीं आने वाला है।
अफगानिस्तान पर तालिबानी कब्जा जायज: सज्जाद नोमानी
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे को लेकर उसकी तारीफ की है। बोर्ड के प्रवक्ता सज्जाद नोमानी ने कहा कि मैं तालिबान को सलाम करता हूं। उन्होंने कहा कि तालिबान ने पूरी दुनिया की सबसे ज्यादा मजबूत सेनाओं को शिकस्त दी। इन नौजवानों ने काबुल की जमीन को चूमा और अल्लाह को शुक्रिया कहा।
नोमानी ने कहा कि एक बार फिर यह तारीख रकम हुई है। एक निहत्थी कौम ने सबसे मजबूत फौजों को शिकस्त दी है। काबुल के महल में वे दाखिल हुए। उनके दाखिले का अंदाज पूरी दुनिया ने देखा। उनमें कोई गुरूर और घमंड नहीं था। बड़े बोल नहीं थे।
पेगासस मामले में केंद्र सरकार और ममता बनर्जी को SC का नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को पेगासस जासूसी मामले में केंद्र सरकार और ममता बनर्जी को नोटिस जारी किया। इसे सरकार की ओर से दो सदस्यीय जांच आयोग के गठन को चुनौती देने वाली याचिका को लेकर जारी किया गया। मुख्य न्यायाधीश NV रमना की अध्यक्षता वाली पीठ ने केंद्र और राज्य से जवाब मांगा। इस मामले पर अब 25 अगस्त को सुनवाई होगी। पेगासस से जुड़ी दूसरी याचिकाओं के साथ ही इस पर सुनवाई की जाएगी।
सुनंदा पुष्कर मौत मामले में कांग्रेस सांसद शशि थरूर बरी
दिल्ली की राउज एवेन्यू स्पेशल कोर्ट ने सुनंदा पुष्कर मौत मामले में कांग्रेस सांसद शशि थरूर को बरी कर दिया है। 2014 में दिल्ली के होटल में सुनंदा की लाश मिली थी। पुष्कर की मौत के बाद उनके पति शशि थरूर पर उनका मानसिक उत्पीड़न करने और हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा। जिन धाराओं में थरूर को आरोपी बनाया गया था, उनमें दोषी पाए जाने पर उन्हें 3 से 10 साल तक की कैद की सजा हो सकती थी। बुधवार को कोर्ट का फैसला आने पर थरूर ने जज से कहा कि पिछले 7.5 साल दर्द और यातना भरे रहे।
रिकॉर्ड ऊंचाई पर खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स 56100 और निफ्टी 16650 के पार
बुधवार को शेयर बाजार मजबूती के साथ खुले। सेंसेक्स 56,073.31 और निफ्टी 16,691.95 पर खुला और अभी बाजार रिकॉर्ड हाई पर कारोबार कर रहा है। फिलहाल सेंसेक्स 270 अंकों की तेजी के साथ 56,060 पर और निफ्टी 60 अंकों की तेजी के साथ 16,675 पर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 22 शेयर बढ़त के साथ और 8 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। जिसमें HDFC बैंक के शेयर 2% और HDFC के शेयर 1% की तेजी के साथ ट्रेड कर रहे हैं।
मद्रास हाईकोर्ट का निर्देश- पिंजरे में कैद CBI को रिहा करो
मद्रास हाईकोर्ट ने कहा कि CBI के पास केवल संसद को रिपोर्ट करने की स्वायत्ता होनी चाहिए। विपक्ष का आरोप है कि यह केंद्र सरकार के हाथों का पॉलिटिकल टूल बन गया है। कोर्ट ने कहा कि CBI को CAG की तरह होना चाहिए, जो केवल संसद के प्रति जवाबदेह है। अदालत ने कहा कि यह आदेश पिंजड़े में बंद तोते को रिहा करने का प्रयास है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर UNSC मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे
विदेश मंत्री एस रविशंकर न्यूयॉर्क पहुंच गए हैं। वे यहां संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की मीटिंग की अध्यक्षता करेंगे। पहले दिन यानी 18 अगस्त को प्रोटेक्टिंग द प्रोटेक्टर्स विषय पर खुली बहस होगी। इसमें शांति के लिए तकनीक के इस्तेमाल पर चर्चा होगी। वहीं, 19 अगस्त को सबसे अहम मीटिंग है। इसका विषय आतंकवाद से अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को खतरा है। भारत इस महीने UNSC की अध्यक्षता कर रहा है।
रीयलमी लॉन्च करेगी अपना सबसे पॉवरफुल मोबाइल
चीनी कंपनी Realme भारत में अपना सबसे पॉवरफुल मोबाइल फोन लॉन्च करेगी। GT 5G नाम का यह स्मार्टफोन वनीला एडिशन कहा गया है। इसके साथ ही कंपनी मास्टर एडिशन फोन भी लॉन्च करेगी। इस फोन को पिछले महीने चीन में लॉन्च किया जा चुका है। इसी दिन Realme का पहला लैपटॉप भारत में लॉन्च होगा। यह लाइटवेट डिजाइन में आएगा।