Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

महिला के नकली भाई भेजे जेल, मास्टर माइंड की तलाश

  • हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला
    हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)।
    हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को टाउन पुलिस ने शनिवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी वेदप्रकाश उर्फ वेदिया (25) पुत्र जगदीप जाट, रविन्द्र उर्फ रवि (24) पुत्र श्योपत राम मेघवाल एवं गगनदीप उर्फ गोगी (24) पुत्र वीरासिंह मजहबी तीनों निवासी वार्ड 14, चक 10 एसएसडब्ल्यू बी गुरुसर टाउन को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भिजवा दिया। अब तक पुलिस गिरोह में शामिल चार जनों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले पुलिस हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाली युवती वन्दना (32) पुत्री भंवरदास वैरागी निवासी वार्ड 15, पंजाबी मोहल्ला टाउन हाल किराएदार दलसिंह नगर कॉलोनी जंक्शन को गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। वारदात को अंजाम देने के समय वेदप्रकाश उर्फ वेदिया, रविन्द्र उर्फ रवि और गगनदीप उर्फ गोगी स्वयं को वन्दना के भाई बताया था। टाउन पुलिस थाना प्रभारी दिनेश सारण ने बताया कि गिरोह में शामिल चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हुई पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इनका पांचवां साथी मास्टर माइंड है जो फरार चल रहा है। पुलिस टीम मास्टर माइंड की तलाश में जुटी है। गौरतलब है कि 19 फरवरी को एक शख्स ने रिपोर्ट दी कि उसकी एक महिला से करीब 4 माह पहले जान-पहचान हुई थी। उसने बताया कि उसका पति बीमार है, तो कुछ मदद चाहिए। उसने इन्सानियत के नाते उस महिला की मदद कर दी। उसके बाद उस महिला से फोन पर बात होने लगी व एक दो-बार बाजार में मुलाकात भी हुई। कुछ दिन पहले शेरगढ़ जाते वक्त फतेहगढ़ मोड पर उक्त महिला मिली व किशनपुरा दिखनादा छोड़ने का कहकर गाड़ी में बैठ गई। किशनपुरा दिखनादा अड्डा पहुंचने पर महिला गाड़ी से नीचे नहीं उतरी और कहने लगी कि उसे माता किताब कौर कॉलेज में जरूरी कार्य है। उसे वहां पर छोड़ दो। माता किताब कौर कॉलेज के पास पहुंचे तो वहां पर दो बाइक पर सवार 4 व्यक्ति आए और उसे रोक लिया व उक्त महिला को अपनी बहन बताया। उस पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगा पिस्तौल दिखाकर बैंक खाते से फोन पे के माध्यम से करीब 95000 रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। अब उससे दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 3 लाख रुपए की और मांग कर उक्त महिला व उसके साथी ब्लैकमेल कर रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।