पल्स पोलियो महाअभियान आज, ग्रामीण क्षेत्र में 861 व शहरी क्षेत्र में बनाए गए 244 बूथ हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। पल्स पोलियो महाअभियान के तहत रविवार को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक जिले के 1105 बूथों पर पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। अभियान के तहत जिले के 2 लाख 65 हजार 331 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। 0-5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने के लिए जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 861 व शहरी क्षेत्र में 244 बूथ बनाए गए हैैं। इन बूथों पर 4641 वैक्सीनेटर तथा उनके निरीक्षण के लिए 221 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। अभियान के बारे में जानकारी देते हुए सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि रविवार को जिले के 1105 बूथों पर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 28 व 29 फरवरी को घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इस वर्ष कार्यक्रम में घुमन्तु जातियां विशेष तौर पर गाड़िया लौहारों, मनिहारों, पत्थरों का कार्य करने वालों व गृह निर्माण व र्इंट भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिकों के बच्चों के लिए विशेष अभियान चलाकर पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। अभियान के दौरान सभी ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधिकारी प्रभारी लगातार अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण करेंगे तथा सभी बच्चों को बूथ पर लाकर दवा पिलाने में सहयोग देंगे। पल्स पोलियो अभियान की मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को विशेष चैक लिस्ट दी गई है, जो अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर सभी बच्चों को दवा पिलाना सुनिश्चित करेंगे। सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि बूथ कवरेज बढ़ाने के लिए सभी प्रभारियों व सुपरवाइजरों को अपने क्षेत्र में माइक से प्रचार-प्रसार करने व आमजन को दृश्य स्थलों पर बैनर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्य को सफल बनाने में चिकित्सा विभाग के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, साथिन, जनमंगल जोड़ों, स्वयंसेवी संगठनों का भी सहयोग रहेगा। अभियान में शिक्षा विभाग का अहम योगदान रहेगा। रविवार को उन सभी स्कूलों को जिनमें बूथ बनाए गए हैं, उन्हें खुला रखा जाएगा। साथ ही एनसीसी, एनएसएस व स्काउट के बच्चे भी छोटे बच्चों को बूथ पर लाकर दवा पिलाने में सहयोग करेंगे।