महिला वर्ग में रेलवे व पुरुष वर्ग में हरियाणा को खिताब
by seemasandesh
35वीं फेडरेशन कप ऑफ वॉलीबॉल चैंपियनशिप श्रीगंगानगर। 35 वीं फेडरेशन कप आफ वालीबाल चैंपियनशिप में महिला वर्ग का खिताब रेलवे ने रोमांचक मैच में गत विजेता केरल को 3-2 हराकर अपने नाम किया है।राजस्थान की टीम तीसरे स्थान पर रही। पुरुष वर्ग में फाइनल में हरियाणा ने गत विजेता सर्विसेज को 3-2 से हराया। भीलवाड़ा में आयोजित इस चैंपियनशिप के कल देर रात हुए फाइनल मुकाबले में सर्विसेज लगातार दो सेट में आगे रहा। इसके बाद हरियाणा ने तीन सेट जीत कर विजेता बना। समापन एवं पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में राजस्थान के खेल मंत्री अशोक चांदना ने प्रतियोगिता में महिला वर्ग की कांस्य पदक विजेता महिला टीम के प्रत्येक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की घोषणा की।प्रतियोगिता के विजेता टीमों को खेल मंत्री अशोक चांदना, राजस्व मंत्री रामलाल जाट, जिला कलक्टर आशीष मोदी व बांगड़ ग्रुप के डायरेक्टर दुर्गेश बांगड़ सहित ने ट्राफी प्रदान की। खेल मंत्री चादंना ने कहा कि चेंपियनशिप में राजस्थान महिला टीम के बान्ज मेडल विजेताओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी।खेल मंत्री चांदना ने कहा कि खेलो से नशाखोरी व अपराध की प्रवृत्ति में कमी होती है। इसी धेय के साथ राज्य सरकार खेलों में खिलाड़ियों के विकास के लिए हमेशा प्रयासरत है। खेल मंत्री ने कहा कि राजस्थान की बेटियों ने नेशनल वालीबाल में इतिहास रचते हुए पहली बार पदक जीता है। चार दिन पहले राजस्थान की महिला टीम ने राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में पदक जीता है। राजस्थान के लिए यह गौरव की बात है। गत 4 वर्ष में राजस्थान में खेलों के क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है।आने वाले समय में राजस्थान के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दबदबा दिखाते हुए एशियाड ही नहीं ओलंपिक में पदक जीतकर आएंगे। प्रदेश सरकार की नई खेल नीति के प्रभाव से राजस्थान टीम की सभी बेटियों की सरकारी नौकरी पक्की हो गई है।राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण खेल ओलंपिक की शुरुआत राज्य सरकार की नई पहल है,जिससे प्रदेश में प्रतिभाएं निखर कर आएंगी । खेलों में राजस्थान का कद लगातार बढ़ रहा है। चार दिनों में जो राजस्थान की बेटियों ने खेलों में जो मान बढ़ाया है, उसके लिए इन के साथ कोच भी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल शरीर के शारीरिक मानसिक विकास में प्रमुख भूमिका निभाता है।जाट ने आयोजन समिति को बधाई देते हुए कहा कि खेलों के विकास हेतु जल्द विस्तृत रूपरेखा बनाई जाएगी। जिला कलेक्टर मोदी ने कहा कि भामाशाहों,आयोजन समिति, अधिकारियों और कार्मिकों के सहयोग से ही यह आयोजन सफल रहा।आयोजन सचिव शिवराम खटीक ने राजस्व मंत्री, खेल मंत्री, जिला कलक्टर ,फेडरेशन के पदाधिकारीगण, एडीएम सिटी एनके राजौरा, नगर परिषद चेयरमैन राकेश पाठक, मुख्य सहयोगी वेदांता ग्रुप एवं आयोजन में अन्य सहयोगी व भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।समारोह में भारतीय वालीबाल फेडरेशन के सीईओ व एशियाई वालीबाल फेडरेशन सेंट्रल जोन के कार्यकारी उपाध्यक्ष रामावतारसिंह जाखड़, भारतीय वालीबाल फेडरेशन के महासचिव अनिल चौधरी, डीवीए के अध्यक्ष लक्ष्मीलाल सोनी, नगर परिषद के पूर्व सभापति ओम नाराणीवाल, ज्ञानमल चंदेल, कैलाशचंद्र खोईवाल, रणवीर खोईवाल, रमेश चन्द्र खोईवाल, शंकर पहाड़िया मौजूद रहे।