Tuesday, May 12निर्मीक - निष्पक्ष - विश्वसनीय
Shadow

मांगे नहीं मानी तो 24 नवम्बर को रोडवेज हड़ताल:नेता बोले, रोडवेज कर्मियों को जल्द मिले बकाया सैलेरी और रिटायरमेंट बेनिफिट्स

श्रीगंगानगर
राजस्थान रोडवेज कर्मचारियों के श्रमिक संगठनों का संयुक्त मोर्चा इन दिनों विभिन्न मांगों के संबंध में आंदोलन कर रहा है। आंदोलन के पहले चरण में राज्य स्तरीय सम्मेलन हुआ था। दूसरे चरण में गुरुवार को श्रीगंगानगर की कुम्हार धर्मशाला में संयुक्त मोर्चे के सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि रोडवेज कर्मचारी समय पर सैलरी भुगतान करने और आफ्टर रिटायरमेंट बेनेफिट्स समय पर देने की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार इस पर भी ध्यान नहीं दे रही है। उनका कहना था कि सरकार को रोडवेज को अपने अधीन कर लेना चाहिए।

संगठन के प्रदेश स्तरीय नेताओं ने कहा कि सरकार यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती तो वे चौबीस नवंबर को एक दिन की हड़ताल रखेंगे। इससे पहले प्रदेश के विभन्न जिलों में सम्मेलन करवाए जाएंगे। इसी क्रम में श्रीगंगानगर में सम्मेलन रखा गया है। वक्ताओं का कहना था कि कर्मचारियों को वेतन और आफ्टर रिटायरमेंट बेनिफिट्स का भुगतान समय पर नहीं होने से उन्हें परेशान होना पड़ रहा है। इससे उन्हें जीवन यापन में भी परेशानी आती है।

12 और 13 को प्रदर्शन

संगठन सदस्यों ने कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो बारह और तेरह अक्टूबर को एक घंटे का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। कार्रवाई नहीं होने पर 18 अक्टूबर को एक घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद भी सरकार के उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देने पर 24 नवम्बर को एक दिन का कार्य बहिष्कार रहेगा। कार्यक्रम को एटक के प्रदेश महासचिव धर्मवीर चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष जरनैल सिंह, इंटक के कृष्ण सिंह, सीटू श्रीगंगानगर के सचिव जसविंद्र सिंह, इंटक श्रीगंगानगर के अध्यक्ष अंग्रेज सिंह संधू, शाखा सचिव अवतारसिंह, रिटायर्ड कर्मचारी एसोसिएशन के बूटा सिंह और भंवर सिंह सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।