जयपुर
राजस्थान में चार महीने पहले आए मानसून की विदाई अब शुरू हो गई है। पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग से यह विदा हो गया। इन जिलों में मौसम पूरी तरह साफ हो गया है। अगले 2-4 दिन में यह उत्तरी क्षेत्र और पूर्वी क्षेत्र से भी चला जाएगा। मानसून के साढ़े तीन महीने तक एक्टिव रहने के कारण इस बार प्रदेश में सामान्य से 17 फीसदी ज्यादा औसत बारिश हुई। जिलेवार स्थिति देखें तो इस साल प्रतापगढ़ जिले में अब तक औसतन 46 इंच से ज्यादा बारिश हुई, जो सबसे ज्यादा है।
जयपुर मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों से मानसून विदा हो चुका है। उत्तर पश्चिम भारत में वातावरण से नमी बहुत कम हो गई। इस स्थिति को देखते हुए मानसून की विदाई की घोषणा की है। पिछले 5 सालों की स्थिति देखें तो इस बार मानसून देरी से विदा होगा। साल 2020 में 28 सितंबर को मानसून की विदाई की हुई थी। इसी तरह साल 2019 में 9 अक्टूबर, 2018 में 29 सितंबर, 2017 में 27 सितंबर और 2016 में 15 सितंबर से मानसून की विदाई हुई थी।