जातिसूचक गालियां निकालने का भी आरोप, मुकदमा दर्ज हनुमानगढ़ (सीमा सन्देश न्यूज)। मारपीट कर बाइक व मोबाइल फोन छीनने तथा जातिसूचक गालियां निकालने के आरोप में भिरानी पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज हुआ है। इस संबंध में शनिवार को ही भादरा तहसील के गांव महराना निवासी परिवादी ने ग्रामीणों के साथ जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी। जानकारी के अनुसार रमेश पुत्र मामचन्द धानक निवासी महराना तहसील भादरा ने रिपोर्ट दी कि शुक्रवार रात्रि करीब 8-8.30 बजे डिपो होल्डर रोहिताश सुथार ने उसे फोन कर कहा कि प्याज का भरा हुआ ट्रक खाली करवाना है। इसके बाद उसे, रवि पुत्र भजनलाल, सुनील पुत्र पृथ्वीसिंह धानक को अजय सुथार लेने आया। वह उन्हें अरविन्द कुलड़िया के फार्म हाउस पर छोड़ गया। वहां अमित जाखड़, अरविन्द कुलड़िया व कृष्ण जाखड़ मौजूद थे। इन्होंने कहा कि उन्हें प्याज से भरा ट्रक खाली करना है। इस पर वह व उसके साथियों ने कहा कि गोदाम से ट्रक काफी दूर है। वे 5 रुपए प्रति कट्टा के हिसाब से उतरवाई लेंगे। इस बात से अमित जाखड़ पुत्र बलवीर जाखड़, कृष्ण जाखड़ पुत्र साहबराम, अरविन्द कुलड़िया पुत्र बृजलाल जाट निवासी महराना नाराज हो गए और जातिसूचक गालियां निकाली। जब उसने व उसके साथियों ने ऐसा न करने से रोका तो इन लोगों ने फोन कर कुछ लोगों को बुला लिया। यह लोग लाठियों और गंडासियों से लैस होकर आए। इस पर वह व उसके साथी अपनी जान बचाकर वहां से भाग कर सड़क पर आ गए। वहां पर अरविन्द कुलड़िया, अमित, कृष्ण जाखड़, अनिल कुलड़िया, अनिल कुलड़िया के लड़के, अरविन्द कुलड़िया के लड़के व अन्य ने उन्हें घेर लिया और मारपीट करने लगे। कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर भजनलाल व विकास बाइक लेकर आए तो इन लोगों ने भजनलाल से बाइक व मोबाइल फोन छीन लिया। इस पर उन्होंने मुश्किल से वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। वह व उसके साथियों ने अन्य लोगों के घरों में रात गुजारी क्योंकि उक्त लोग उन्हें ढूंढते रहे। पुलिस ने मारपीट व छीनाझपटी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। जांच भादरा सीओ कर रहे हैं।